कोरबा क्षेत्र उपविजेता, 11 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा; अतिथियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
राजनगर। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय 55वीं अंतरक्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें हसदेव क्षेत्र की महिला टीम भी शामिल रही। दो दिनों तक प्रतिभागियों ने खान सुरक्षा, बचाव कार्य एवं आपात परिस्थितियों में अपने कौशल और दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में हसदेव क्षेत्र ने विजेता तथा कोरबा क्षेत्र ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खान सुरक्षा महानिदेशालय, उत्तर क्षेत्र गाजियाबाद के उप महानिदेशक नीरज कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि विपिन बिहारी सटीयार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर के महाप्रबंधक मानव संसाधन बिरंची दास ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत अंजन हिल भूमिगत खदान में शहीद हुए श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने खदान दुर्घटना के दौरान उपयोग किए जाने वाले बचाव उपकरणों तथा उनके उपयोग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। रेस्क्यू टीम द्वारा दुर्घटना की स्थिति में खदान के अंदर फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।
इसके पश्चात समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। हसदेव क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक मनोज कुमार बिश्नोई ने नवाचार की पहल करते हुए उपस्थित अतिथियों को साल, श्रीफल के साथ पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक अतिथि को पौधा प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हसदेव क्षेत्र की महिला टीम की सहभागिता भी प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रही।
खान उद्योग में जोखिम के बावजूद श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण ।नीरज कुमार
मुख्य अतिथि नीरज कुमार ने कहा कि कोयला उद्योग अत्यंत विषम परिस्थितियों वाला क्षेत्र है। इस प्रोफेशन से अधिक जोखिम वाला कार्य शायद ही कोई दूसरा हो। उन्होंने कहा कि खदानों में कार्य करने वाले श्रमिक कई चुनौतियों और जोखिमों के बीच काम करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक कोयला उत्पादन में योगदान देते हैं। उनके योगदान की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।
उन्होंने हसदेव क्षेत्र द्वारा आयोजित खान बचाव प्रतियोगिता को महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खान सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और बचाव दल के सदस्यों की दक्षता को भी परखा जा सकता है। रेस्क्यू टीम के वेतन एवं सुरक्षा से जुड़ी श्रमिक संगठनों की मांगों को भी उन्होंने जायज बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी कंपनी के लिए इन मांगों को पूरा करना कोई बड़ी बात नहीं है और इन पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में श्रमिक नेता नाथू लाल पांडे, गोपाल नारायण सिंह, अजय विश्वकर्मा, अख्तर जावेद उस्मानी, महाप्रबंधक वित्त हसदेव क्षेत्र एपी यादव, जीएम रेस्क्यू मनोज कुमार, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन हसदेव क्षेत्र डी.डी. तिवारी, स्टाफ ऑफिसर माइनिंग मनोज कुमार, राजनगर उपक्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. राय, जेकेडी उपक्षेत्रीय प्रबंधक मिथिलेश कुमार महतो, बिजुरी उपक्षेत्रीय प्रबंधक शुभंकर मित्रा, कोरजा उपक्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार रैकवार सहित विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, कंपनी वेलफेयर एवं सुरक्षा समिति के प्रतिनिधि, श्रमिक प्रतिनिधि तथा स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


