डॉ. प्रतिभा को 11 हजार और डॉ. मुथुरमन को मिला 6 हजार रुपए का नकद पुरस्कारजबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के डीएम (सुपर स्पेशियलिटी) छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। दिल्ली में 11 अक्टूबर को आयोजित ‘ब्रेथ बेटर समिट-2026’ में मिली इस सफलता से मेडिकल कॉलेज का गौरव बढ़ा है।
इंडियन एसोसिएशन फॉर ब्रोंकोलॉजी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में मेडिकल कॉलेज की डॉ. प्रतिभा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार जीता। वहीं, डॉ. मुथुरमन ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए 6 हजार रुपए का पुरस्कार अपने नाम किया।
छात्रों की इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसईपीएम के संचालक डॉ. अशोक विद्यार्थी ने भी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी लगन, मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।
क्लिनिकल प्रैक्टिस में भी मिल रहा लाभ
पल्मोनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र आर्य ने छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग में नियमित रूप से होने वाली क्लिनिकल गतिविधियों और डीएम छात्रों की सक्रिय भागीदारी से उनकी शैक्षणिक एवं व्यावहारिक दक्षता में सुधार हो रहा है। इससे मरीजों को निर्धारित प्रोटोकॉल और चिकित्सा दिशानिर्देशों के अनुरूप बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है।


