विक्रेता मो. अमीम निलंबित, दूसरे विक्रेता को सौंपा दुकान का प्रभार
शहडोल 13 अक्टूबर 2026- जिले की तहसील जैतपुर अंतर्गत सेवा सहकारी समिति झींकबिजुरी द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान छतई में माह सितंबर 2026 का खाद्यान्न कई हितग्राहियों को वितरित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में जिला आपूर्ति नियंत्रक शहडोल ने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि प्रकरण की जानकारी मिलने पर प्रारंभिक स्तर पर संबंधित दुकान के विक्रेता द्वारा कई हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरित नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
विक्रेता को निलंबित कर दूसरे विक्रेता को सौंपा प्रभार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उचित मूल्य दुकान छतई में खाद्यान्न वितरण नहीं किए जाने के मामले में सेवा सहकारी समिति झींकबिजुरी के प्रशासक द्वारा संबंधित विक्रेता मो. अमीम को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दुकान का प्रभार दूसरे विक्रेता मो. जैनुल को सौंप दिया गया है। वर्तमान में उनके द्वारा हितग्राहियों को माह अक्टूबर 2026 के खाद्यान्न का वितरण कराया जा रहा है।
हितग्राहियों से संपर्क कर कराई जा रही विस्तृत जांच
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में आने के बाद सहायक आपूर्ति अधिकारी बुढ़ार द्वारा मौके पर उचित मूल्य दुकान छतई के हितग्राहियों से संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही दुकान की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर दोषी विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


