22.8 C
Jabalpur
October 15, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

गुजरात में कांग्रेस की 41 साल से लगातार हार, राहुल गांधी को आत्ममंथन की जरूरत: गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली,  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का हवाला देते हुए मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस पिछले 41 वर्षों से कोई चुनाव नहीं जीत सकी है और पार्टी को इस पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की जरूरत है। गृह मंत्री शाह ने भाजपा की चुनावी सफलताओं को मतदाताओं के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन का प्रमाण बताया। गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में तीन नगर निकायों में हुए चुनावों में भाजपा ने कुल 104 सीटों में से 90 पर जीत हासिल की है।

उन्होंने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांधीनगर नगर निगम में भाजपा ने 44 में से 38 सीटों पर कब्जा किया। शाह ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी 32 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन प्रत्येक सीट पर उसकी जमानत जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि गांधीनगर नगर निगम में पिछले चुनाव की तुलना में भाजपा के मत प्रतिशत में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात के मतदाताओं ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है। उन्होंने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गुजरात में पिछला चुनाव 1985 में जीता था और उसके बाद से उसे लगातार हार का सामना करना पड़ा है। गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि क्या गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजे भी एसआईआर का परिणाम हैं।

शाह ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को एसआईआर से जोड़कर खारिज करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व को अपनी राजनीतिक स्थिति पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुजरात जैसे बड़े राज्य में, जहां कांग्रेस कभी सत्ता में रही थी, वहां 41 वर्षों से कोई चुनाव नहीं जीत पाना पार्टी के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय है। गृह मत्री अमित शाह ने हाल ही में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि कांग्रेस इन तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि नौगांव में भाजपा उम्मीदवार ने 1.42 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और यह सीट कांग्रेस से छीन ली।

वहीं, नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार को 76 प्रतिशत वोट मिले और उन्होंने 1.22 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने 75 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और यह सीट तृणमूल कांग्रेस से छीन ली। उन्होंने पुडुचेरी के नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के उम्मीदवार ने 8,482 वोटों से जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को केवल 22 प्रतिशत वोट मिले। गृह मंत्री ने राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा के प्रदर्शन को शानदार बताया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने 90 प्रतिशत नगर निगमों, 66 प्रतिशत नगर परिषदों और 65 प्रतिशत नगर पालिकाओं में जीत हासिल की। शाह ने कहा कि इन चुनावों के नतीजे राहुल गांधी के लिए एक सबक हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि राजस्थान में 85 प्रतिशत से अधिक वार्डों में आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त हो गई। गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में ग्राम समिति के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां राजग ने लगभग 4,000 सीटें जीती हैं। उनके अनुसार, गठबंधन को 3,248 सीटों के साथ-साथ लगभग 900 अन्य सीटों पर भी सफलता मिली और उसका कुल मत प्रतिशत 77.5 रहा। अमित शाह ने इन चुनावी नतीजों को भाजपा और उसके सहयोगियों के पक्ष में जनसमर्थन का संकेत बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारणों पर विचार करना और संगठन की स्थिति का आकलन करना कांग्रेस के लिए जरूरी है।

अन्य ख़बरें

गांधीनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की बड़ी हार, अमित शाह ने राहुल से पूछा-क्या यह भी एसआईआर का नतीजा है?

Newsdesk

आशुतोष और सौरव की गिरफ्तारी से पूरी पीढ़ी को डराने की कोशिश : ममता बनर्जी

Newsdesk

एसआईआर प्रक्रिया रद्द होने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलनः कांग्रेस

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading