21 C
Jabalpur
October 15, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जिले में संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण, 100 से अधिक अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी


निरीक्षण के बाद 2 अधीक्षक निलंबित, 2 पद से पृथक, 3 की वेतन वृद्धि रोकी गई, 7 को कारण बताओ नोटिस जारी
===
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल समय-सीमा की बैठक में कर रहे निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा, लापरवाही पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई
शहडोल 13 अक्टूबर 2026- जिले में संचालित छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है। इसके लिए जिला एवं उपखंड स्तर के 100 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निरीक्षण के माध्यम से छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

छात्रावासों के निरीक्षण के पश्चात लापरवाही एवं अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 छात्रावास अधीक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि 2 अधीक्षकों को पद से पृथक किया गया है। इसके अतिरिक्त 3 अधीक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई है तथा 7 अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल समय-सीमा की बैठक में निरीक्षणकर्ता अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों एवं प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित विभागों के जिला प्रमुख अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

छात्रावासों की व्यवस्थाओं के प्रत्येक पहलू की हो रही निगरानी

निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन की स्थिति, मरम्मत की आवश्यकता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण, खेलकूद की सुविधाएं, बिस्तरों की व्यवस्था तथा पठन-पाठन सामग्री की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है। इसके साथ ही खिड़कियों में मच्छरों से बचाव के लिए जालियों की व्यवस्था तथा छात्रावास अधीक्षकों के विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार की भी निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले और उन्हें अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

छात्रावास भवनों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए अनुदान का उपयोग करने के निर्देश

छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षकों को शासन द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले 50 हजार रुपये के अनुदान का उपयोग भवन की मरम्मत, पुताई तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे छात्रावास भवनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन द्वारा छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। निरीक्षण में पाई जाने वाली कमियों को दूर करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश: शैल्बी हॉस्पिटल का लाइसेंस सस्पेंड, नए सेफ्टी ऑडिट का इंतजार

Newsdesk

अंकिता भंडारी प्रकरण: न्याय के लिए हर स्तर पर मजबूती से खड़ी रही धामी सरकार

Newsdesk

एंटी ड्रग एक्टिविस्ट की हत्या के बाद पंजाब में बंद का आह्वान

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading