गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में शिक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण, 16 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
अनूपपुर, 13 अक्टूबर। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशन में कक्षा सातवीं की नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित शिक्षकों का प्रशिक्षण जिले के चारों विकासखंडों में संचालित किया जा रहा है। जिला परियोजना समन्वयक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में 12 से 16 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण में गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षकों को नवीन पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप अध्यापन की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक विकासखंड में छह-छह मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं।
प्रशिक्षण के लिए अनूपपुर विकासखंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुना कॉलरी, कोतमा में जनपद शिक्षा केंद्र, पुष्पराजगढ़ में माध्यमिक विद्यालय राजेंद्रग्राम तथा जैतहरी में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), अनूपपुर को केंद्र बनाया गया है। संबंधित विकासखंडों में बीआरसीसी के माध्यम से प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
विकासखंडवार उपस्थिति के आंकड़े
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोतमा विकासखंड में विज्ञान विषय के 18 पंजीकृत शिक्षकों में से 16 उपस्थित रहे, जबकि सामाजिक विज्ञान में 32 में से 29 शिक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। अनूपपुर विकासखंड में विज्ञान विषय के 29 पंजीकृत शिक्षकों में से 28 तथा सामाजिक विज्ञान के 35 में से 34 शिक्षक उपस्थित रहे।
इसी तरह पुष्पराजगढ़ विकासखंड में गणित विषय के 42 पंजीकृत शिक्षकों में से 34 उपस्थित हुए, जबकि सामाजिक विज्ञान में 42 में से 35 शिक्षकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। जैतहरी विकासखंड में गणित विषय के 46 पंजीकृत शिक्षकों में से 41 तथा सामाजिक विज्ञान के 45 में से 42 शिक्षक प्रशिक्षण में शामिल हुए।
प्रभावी अध्यापन पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को नवीन पाठ्यपुस्तकों की विषयवस्तु, शिक्षण पद्धति तथा विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ विकसित करने के तरीकों से अवगत कराया जा रहा है। उद्देश्य कक्षा-कक्ष में अध्यापन को अधिक प्रभावी बनाना और नई पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को व्यवस्थित करना है। जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा।


