जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण में विशेष तत्परता बरती जाए, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन एवं स्वामित्व योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए समस्याओं का समाधान किया जाए।
स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक तहसील में एक हजार रजिस्ट्रियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। साथ ही राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह सहित सभी एसडीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और स्वामित्व योजना के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करें।


