November 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

उत्तर वन मंडल के बाद दक्षिण शहडोल वन मंडल में भी पहुंचा हाथी, वन विभाग अलर्ट


बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से मानपुर के रास्ते खन्नौधी परिक्षेत्र के सरना जंगल पहुंचा हाथी
===
ड्रोन से निगरानी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को किया जा रहा सतर्क
===
उत्तर वन मंडल में पहले से 50 से 62 हाथियों का मूवमेंट
===
शहडोल 2 नवंबर 2026- जिले में इन दिनों हाथियों का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। उत्तर वन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी के बीच अब बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से एक हाथी दक्षिण शहडोल वन मंडल के जंगलों में भी पहुंच गया है। हाथी की आमद के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन अमले द्वारा हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है तथा ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।

बांधवगढ़ से मानपुर होते हुए सरना के जंगल पहुंचा हाथी

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से मानपुर के रास्ते होते हुए एक हाथी दक्षिण शहडोल वन मंडल के खन्नौधी परिक्षेत्र अंतर्गत सरना के जंगलों में पहुंचा है। दक्षिण शहडोल वन मंडल की वनमंडलाधिकारी सुश्री श्रद्धा पन्द्रे ने बताया कि बीती रात से ही हाथी की मौजूदगी की जानकारी प्राप्त हुई है। वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई है और हाथी की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

ड्रोन से निगरानी, ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

हाथी की निगरानी के लिए आधुनिक उपकरणों के साथ ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। वन विभाग द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं, हाथी के नजदीक जाने या उसे परेशान करने का प्रयास न करें तथा उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

उत्तर वन मंडल में 50 से 62 हाथियों का मूवमेंट

शहडोल जिले के उत्तर वन मंडल में पहले से ही लगभग 50 से 62 हाथियों का मूवमेंट बना हुआ है। वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों की निगरानी कर रही हैं। अब दक्षिण वन मंडल में भी हाथी की मौजूदगी के बाद वन अमला अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर जंगल और हाथियों के आवागमन वाले रास्तों से दूर रहें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी प्रकार की गतिविधि या सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। आमजन की सुरक्षा और वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए विभागीय अमला लगातार सक्रिय है।

अन्य ख़बरें

जेएसके बैंक की अंशपूंजी में वृद्धि, अपेक्स बैंक प्रशासक ने की प्रशंसा

Newsdesk

सिटी क्लब और डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी ने जीती वॉलीबॉल चैंपियनशिप की ट्रॉफी

Newsdesk

3 नवम्बर को  विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

Newsdesk

Leave a Comment