तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला-पुरुष प्रतियोगिता का फाइनल के साथ समापन,
28 टीमों ने दिखाया दमखम, विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मिले मेडल
फोटो
बालाघाट।नगर के उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में तीन दिनों तक चले वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबलों का रविवार देर रात शानदार समापन हुआ।जहां आयोजित जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में महिला वर्ग में सिटी क्लब और पुरुष वर्ग में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी ने खिताबी जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और शानदार खेल कौशल ने खेलप्रेमियों को देर रात तक मैदान में बांधे रखा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में सिटी क्लब का दबदबा, पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स एकेडमी ने मारी बाजी
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिताबी मुकाबलों को लेकर खेल मैदान में खासा उत्साह देखने को मिला। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला सिटी क्लब और पुलिस एकेडमी बालाघाट के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन अंततः सिटी क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पुलिस एकेडमी बालाघाट को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।वहीं पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी और पुलिस एकेडमी बालाघाट के बीच खेला गया। इस मुकाबले में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में पुलिस एकेडमी बालाघाट उपविजेता रही। दोनों फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
समापन समारोह में अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेन्द्रसिंह यादव, डीआईजी विनित जैन, राजपूत समाज अध्यक्ष संजयसिंह कछवाहा, समाजसेवी सोहन वैद्य, अभय सेठिया एवं आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश पाठक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया।तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन ने बालाघाट में वॉलीबॉल के प्रति खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के उत्साह को नई ऊर्जा दी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर मिला।
प्रतिभाओं को मिला मंच- असाटी
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष तपेश असाटी ने बताया कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप में जिले की करीब 28 टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान महिला एवं पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। खेलप्रेमियों ने भी मुकाबलों का जमकर आनंद लिया।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की वॉलीबॉल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इस तरह के आयोजन से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
0000000000000000000000000000000


