जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटीडीएम (IIITDM) कॉलेज परिसर में सोमवार को एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली तृतीय वर्ष की छात्रा वैष्णवी अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। वह मूल रूप से तेलंगाना के वारंगल की रहने वाली थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कॉलेज के सुरक्षा गार्ड इंचार्ज ने छात्रा की मौत की सूचना थाने में दी थी। इसके बाद पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कमरे की जांच, परिजनों और सहपाठियों से पूछताछ
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल छात्रा की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उसके कमरे की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही छात्रा के सहपाठियों और परिजनों से संपर्क कर घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही छात्रा की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर कॉलेज परिसर में शोक और चिंता का माहौल है।


