November 5, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

*14 नवंबर को सिवनी में होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव

*

_पांच विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे जिले के युवा, 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मिलेगा मौका_
सी टाइम्स सिवनी- जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से 14 नवंबर 2026 को शासकीय पीजी कॉलेज, सिवनी में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अंजू अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस वर्ष युवा उत्सव की थीम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रखी गई है। उत्सव के माध्यम से युवाओं को भारतीय सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, स्ट्रीट प्ले (नुक्कड़ नाटक) एवं कविता लेखन सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। प्रतिभागी का सिवनी जिले का निवासी अथवा जिले में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में भाग ले सकेगा। गत वर्ष सांस्कृतिक विधाओं में सहभागिता करने वाले प्रतिभागी इस वर्ष पात्र नहीं होंगे।

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए MY Bharat Portal पर पंजीयन अनिवार्य रहेगा। प्रतियोगिताएं ऑफलाइन आयोजित की जाएंगी। समूह लोकनृत्य एवं समूह लोकगीत में सात प्रतिभागियों के साथ अधिकतम तीन सहयोगी सदस्य शामिल हो सकेंगे। चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतिभागियों को अवसर मिलेगा।

युवा उत्सव में सहभागिता एवं पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए इच्छुक युवा अपने विकासखंड के युवा समन्वयकों से संपर्क कर सकते हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सिवनी के कार्यालय में भी कार्यदिवसों में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, युवा समन्वयक, खेल प्रशिक्षक एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को पराली नहीं जलाने की दी समझाइश

Newsdesk

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया गया उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक

Newsdesk

स्वामित्व योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले 34 पटवारियों को मिला सम्मान

Newsdesk

Leave a Comment