प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ.राजेश धुर्वे नें जानकारी दी की प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा के निर्देशन में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में 4 नवंबर 2026 को निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के महत्व को समझाने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका और संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति चेतना जागृत करना था। निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ एवं ‘मतदाता का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए थे। इसमें विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में 800 से 1200 शब्दों की निर्धारित शब्द सीमा के अंतर्गत अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से निष्पक्ष निर्वाचन, मतदाता अधिकार, लोकतांत्रिक सहभागिता तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT), मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग की भूमिका से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने निर्वाचन संबंधी ज्ञान एवं जागरूकता का परिचय दिया। निर्णायक समिति के मूल्यांकन के अनुसार निबंध प्रतियोगिता में मालती पटेल ने प्रथम तथा धुर्वी चक्रवर्ती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीयूष कार्तिकेय प्रथम एवं आस्था नंदा द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में डॉ. गौरी सिंह परते, डॉ. राजेश धुर्वे, श्री विनोद कुमार धुर्वे, श्री दशरथ मार्को डॉ काशीराम परते सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं अतिथि विद्वान उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


