November 7, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

लेमा गार्डन की झुग्गी बस्ती में भीषण अग्निकांड, 50 परिवारों की गृहस्थी जलकर राख



देर रात लगी आग, सुबह पाया जा सका काबू; पीड़ितों के सामने रहने और खाने का संकटजबलपुर। शहर के गाजी नगर स्थित लेमा गार्डन की झुग्गी बस्ती में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 परिवारों की झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। आग में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरी बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है। गाजी नगर की इस बस्ती में लगभग 350 परिवार निवास करते हैं। रात के सन्नाटे में अचानक आग की लपटें उठीं और कुछ ही देर में आसपास की झुग्गियों तक फैल गईं। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के प्रयास शुरू किए।

घटना की सूचना मिलते ही पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने नगर निगम के अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

स्थानीय रहवासियों, दमकल कर्मियों और पुलिस की लगातार मशक्कत के बाद सुबह करीब 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक करीब 50 परिवारों की झुग्गियां और उनकी पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो चुकी थी।

इस अग्निकांड ने प्रभावित परिवारों को खुले आसमान के नीचे ला दिया है। कई परिवारों के पास न रहने का ठिकाना बचा है और न ही रोजमर्रा की जरूरतों का सामान। पीड़ितों के सामने भोजन, कपड़े और अस्थायी आवास की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें आर्थिक सहायता के साथ भोजन, कपड़े तथा अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पीड़ितों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान के विस्तृत आकलन की जानकारी सामने आना बाकी है।

अन्य ख़बरें

जंगल, जमीन और फसल में बसती है आदिवासी दीपावली की खुशियां

Newsdesk

दीपावली पर आस्था और परंपरा से जगमगाते हैं शहडोल संभाग सहित अंचल के ऐतिहासिक लक्ष्मी मंदिर

Newsdesk

ग्राम पंचायत खैरी खैरलांजी में न्यू हिंदी क्रिकेट क्लब ग्रामीण स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता समापन शामिल हुए पूर्व केबिनेट मंत्री प्रदीप जायसवाल

Newsdesk

Leave a Comment