## हनुमान भक्ति में भावविभोर हुए श्रद्धालु, नर्मदा भक्तों की आंखें हुईं अश्रुपूरित
जबलपुर। श्री नर्मदा संकीर्तन परिक्रमा समिति जबलपुर द्वारा आगामी भव्य नर्मदा परिक्रमा की सफलता एवं निर्विघ्न संपन्नता के लिए धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। समिति संरक्षक परम पूज्य जगतगुरु स्वामी राघव देवाचार्य जी महाराज के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजन की तैयारियां निरंतर जारी हैं।
समिति सचिव देवेंद्र नेमा ने बताया कि कार्तिक मास की नरक चतुर्दशी के पावन अवसर पर कछपुरा गढ़ा स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में समिति के संस्थापक पंडित मनमोहन दुबे के सानिध्य में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। इस दौरान परिक्रमा के संचालक भगवान श्री हनुमान जी महाराज की विधिवत आराधना करते हुए सामूहिक रूप से 108 हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने ‘संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलबीरा’ का भक्तिभाव से गुणगान किया।
हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा में भावविभोर नजर आए। भगवान हनुमान की आराधना के दौरान अनेक नर्मदा भक्तों की आंखें भी अश्रुपूरित हो गईं। सभी ने आगामी धार्मिक आयोजन के निर्विघ्न संपन्न होने की मंगलकामना की।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 23 नवंबर 2026, बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर भव्य नर्मदा परिक्रमा आयोजित की जाएगी। इसी आयोजन की सफलता, मंगलमय संपन्नता और समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहित तिवारी, सचिव देवेंद्र नेमा, संजय गौतम, पुजारी संजय पांडे, चंद्रशेखर शर्मा, मनोज पाटकर, जित्तु गुप्ता, नरेंद्र सिंह (वासु बाबा), गोपी सिंह ठाकुर, सत्य प्रकाश नामदेव, कृष्णा उपाध्याय, केएल दीक्षित, अमित विश्नोई, प्रवीण नेमा, आदेश दीक्षित, मोहित पटेल, अतुल पटेल, प्रकाश हर्डिंकर, प्रभाकर चतुर्वेदी, अनिल सुहाने, राजेश असाटी एवं डॉ. संदीप नेमा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति सदस्य उपस्थित रहे।


