October 31, 2026
सी टाइम्स
बॉलीवुडमनोरंजनराष्ट्रीय

सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर राजनेताओं ने जताया शोक

Mumbai: Actor Sushant Singh Rajput promoting his upcoming film “Kedarnath” in Mumbai on Nov 29, 2018.

नई दिल्ली, 14 जून | केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, रविशंकर प्रसाद और कई अन्य राजनेताओं ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर शोक व्यक्त किया। गौरतलब है कि अभिनेता ने मुंबई में अपने घर पर रविवार को आत्महत्या कर ली। केंद्रीय मंत्री और पूर्व टेलीविजन अभिनेत्री ईरानी ने ट्विटर पर लिखा, “मेरे पास कोई शब्द नहीं है, इस बात को समझ नहीं पा रही हूं कि आप हमें इस तरह क्यों छोड़ गए। एक तेजस्वी युवा बच्चे से, जो बालाजी से एक स्टार बना, जिसने देश का नाम रौशन किया. आपको एक लंबा सफर तय करना था और कई और मील की दूरी तय करनी थी। आप याद आओगे सुशांत सिंह राजपूत, बहुत जल्द चले गए।”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट में लिखा, “बॉलीवुड के युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर चौंकाने वाली है। मैं उनके अभिनय कौशल, प्रतिभा और क्षमताओं का कायल था। उनका निधन दर्दनाक है और फिल्म बिरादरी के लिए यह एक बड़ी क्षति है। भगवान उनके परिवार और प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”

रेल और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी युवा अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। वह एक युवा, बहु-प्रतिभाशाली अभिनेता थे, जिन्होंने अपने करिश्मे के साथ सिल्वर स्क्रीन पर कब्जा किया। हमें अपनी मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए और अपने प्रियजनों से बात करने से कभी नहीं कतराना चाहिए। ओम शांति।”

केंद्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने भी अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि वह मेरे शहर पटना से था। उन्होंने लिखा, “यह जानकर चौंक गया कि सुपर टैलेंटेड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब नहीं रहे। वह मेरे शहर पटना से थे। पिछले साल शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राष्ट्रपति भवन में उनसे मिलना याद है। उन्होंने मुझे बताया था कि उनका परिवार पटना के राज नगर में रहता है। उन्हें लंबी दूरी तय करनी थी। वह जल्द ही चला गए।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

अमरिंदर सिंह ने ट्वीट में कहा, “सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। एक अनुकरणीय अभिनेता, जिसकी याद सभी को आएगी। इस कठिन समय में उनके परिवार और दोस्तों को शक्ति मिले, प्रार्थना करता हूं।”

उद्धव ठाकरे ने ट्वीट किया, “सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर हैरान और दुखी हूं। भगवान उनके परिवार, प्रशंसकों और प्रियजनों को शक्ति दे।”

चौहान ने लिखा, “रहने को सदा दहर में आता नहीं कोई, तुम जैसे गए ऐसे भी जाता नहीं कोई। युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के ऐसे असमय दुनिया छोड़कर जाने के समाचार से अत्यंत दुख हुआ। ईश्वर उन्हें अपनी चरणों में स्थान दें और परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि।”

महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा, “मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर से मैं आहत हूं। मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके परिवार, फिल्म जगत के सहकारी और तमाम चाहने वालों को यह सदमा बर्दाश्त करने की शक्ति दें।”

शिवसेना की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, “सुशांत सिंह राजपूत के बारे में यह सबसे निराशाजनक और दिल दहला देने वाली खबर है। मैं अपने दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। मैं उनके काम की बहुत बड़ी प्रशंसक थी। यह क्रूर समय है। उनके दोस्तों और परिवार के प्रति संवेदना।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा, “लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का यूं अचानक जाना हिंदी फिल्म जगत और उनके चाहने वालों के लिए अत्यंत दुखदायी एवं स्तब्धकारी है, ‘धोनी’ के रूप में उनकी भूमिका हमेशा अमर रहेगी।”

अन्य ख़बरें

विपक्ष की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है, 2027 में यूपी से होगा सफाया: अवधेश प्रसाद

Newsdesk

जयपुर पुलिस प्रमुख ने चुनाव ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने के लिए चार कांस्टेबलों को बर्खास्त किया

Newsdesk

2005 से बिहार में न्याय के साथ विकास और सुशासन, कार्यकर्ता ही जेडीयू की असली ताकत : निशांत कुमार

Newsdesk

Leave a Comment