*
*उपचार के दौरान तोड़ा दम, बैगा परिवार में पसरा मातम; समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी मासूम की जान!*
परसवाडा़- बालाघाट जिले की परसवाडा़ के लामता तहसील अंतर्गत ग्राम कनारी में सर्पदंश की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहरीले सांप के काटने से 7 वर्षीय मासूम बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कनारी निवासी शिवा मेरावी पिता रामप्रसाद मेरावी, उम्र 7 वर्ष, अपने अन्य साथी बच्चों के साथ खेत की ओर गया हुआ था। इसी दौरान खेत में एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद बालक की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए लामता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा बालक का उपचार किया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही शिवा ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यदि बालक को समय रहते उचित उपचार मिल पाता तो उसकी जान बचने की संभावना हो सकती थी।
घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा लामता पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। इसके पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
मासूम की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोरा
जिस उम्र में बच्चे अपने बचपन के सपनों को संजोते हैं और खेल-कूद में अपना समय बिताते हैं, उस उम्र में शिवा की जिंदगी का यूं अचानक समाप्त हो जाना परिवार के लिए कभी न भरने वाला दुख बन गया है। एक मासूम की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया ।


