मिर्जापुर ,12 अगस्त (आरएनएस)। रक्षाबंधन के दिन मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका समुचित उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन पर राखी बंधवा कर बाइक सवार लौट रहे थे। लालगंज थाना अंतर्गत बरौधा के पास हादसा होना बताया जा रहा है। शुक्रवार को समय करीब 12 बजे थाना लालगंज क्षेत्रांतर्गत बरौंधा के पास दो मोटर साइकिलों के बीच आपस में टक्कर हो जाने से मोटरसाइकिल सवार शिवकरन पटेल पुत्र गिरजा प्रसाद पटेल निवासी ग्राम तमरा थाना गुड़ जनपद रीवा (म.प्र) 21 वर्ष तथा मोपेड सवार रतन कोरी पुत्र त्रिवेणी प्रसाद निवासी निबहिया थाना मेजा जनपद प्रयागराज 19 वर्ष, रवि कोरी पुत्र विवेक कोरी 10 वर्ष, ममता देवी पत्नी विवेक कोरी निवासीगण दिघुली शिवराजपुर थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर 30 वर्ष व दिव्या 3 वर्ष गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर थाना लालगंज पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर उपरोक्त घायलों को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालगंज भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा शिवकरन पटेल, रवि कोरी, रतन कोरी उपरोक्त को मृत घोषित कर दिया गया तथा ममता देवी व उनकी पुत्री दिव्या का ईलाज जारी है। थाना लालगंज पुलिस द्वारा मृतकों के शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।


