अक्षय कुमार की फिल्म गोरखा लंबे समय से अटकी हुई है। इस फिल्म की पिछले साल घोषणा हुई थी। हालांकि, घोषणा होने के बाद फिल्म को लेकर कोई भी अपडेट नहीं आया। लोगों को लगने लगा था कि फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई है। आखिरकार अक्षय के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर आई है। इस फिल्म की शूटिंग अगले साल मार्च में शुरू हो जाएगी। यह फिल्म भारतीय सेना के गोरखा रेजिमेंट के अधिकारी इयान कार्डोजो की बायोपिक है। फिल्म गोरखा के प्रोडक्शन का काम आनंद एल राय संभाल रहे हैं। यह अतरंगी रे और रक्षाबंधन के बाद आनंद और अक्षय का तीसरा कोलैबोरेशन है। अतरंगी रे पिछले साल डिज्नी+ हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। वहीं रक्षाबंधन इस साल अगस्त में रिलीज हुई थी। गोरखा का निर्देशन संजय पूरन सिंह करेंगे। संजय ने पिछले साल फिल्म बहत्तर हूरें के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। रिपोर्ट्स के अनुसार निर्माता शूटिंग शुरू होने से पहले आश्वस्त होना चाहते हैं कि फल्म हकीकत के ज्यादा से ज्यादा करीब हो। वह इसके लिए हर तरह की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक पर्दे पर जिस तरह से युद्ध दिखाए गए हैं, इस फिल्म में युद्ध का चित्रण उनसे बिल्कुल अलग होगा। निर्माता इयान के किरदार को पर्दे पर बखूबी दिखा सकें, इसके लिए वे ज्यादा से ज्यादा रिसर्च करना चाहते हैं।इयान कार्डोजो एक पूर्व भारतीय सेना अधिकारी हैं। उन्होंने 1962, 65 और 71 में भारत-पाक युद्ध में हिस्सा लिया था। वह एक बटालियन और एक ब्रिगेड की कमान संभालने वाले भारतीय सेना के पहले युद्ध-विकलांग अधिकारी बने थे। भारत-पाक युद्ध में घायल होने के कारण कार्डोजो को अपना पैर काटना पड़ा था। कार्डोजो ने 2005 से 2011 तक भारतीय पुनर्वास परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। गोरखा के अलावा अक्षय कुमार कई प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं। उनकी फिल्म राम सेतु अकसर सुर्खियों में रहती है। इस फिल्म में उनके साथ जैकलीन फर्नांडिस नजर आएंगी। अक्षय मलयालम फिल्म ड्राइविंग लाइसेंस की हिंदी रीमेक सेल्फी में नजर आएंगे। 1998 की फिल्म छोटे मियां बड़े मियां की रीमेक में अक्षय टाइगर श्रॉफ के साथ दिखेंगे। वह ओह माई गॉड के सीक्वल में भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी नजर आएंगे।


