काफी समय से रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की फिल्म मिस्टर मम्मी चर्चा में है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद इसे लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 11 नवंबर को दर्शकों के बीच आने वाली थी, लेकिन अब यह 18 नवंबर को रिलीज होगी। इसी के साथ फिल्म की टक्कर अजय देवगन अभिनीत दृश्यम 2 से होने वाली है।बता दें कि पहले मिस्टर मम्मी 11 नवंबर को ऊंचाई और थाई मसाज जैसी दो फिल्मों के साथ रिलीज हो रही थी, लेकिन अब इन दोनों फिल्मों से इसका मुकाबला नहीं होगा। ऊंचाई में अमिताभ बच्चन लीड एक्टर हैं, वहीं थाई मसाज के हीरो गजराज राव हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और दिशा पाटनी की एक्शन फिल्म योद्धा भी 11 नवंबर को दर्शकों के बीच दस्तक देने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज भी टाल दी गई है। बात करें दृश्यम 2 की तो इसका इंतजार दर्शक लंबे समय से कर रहे हैं। पहला पार्ट दृश्यम भी दर्शकों और समीक्षकों की कसौटी पर खरा उतरा था, इसलिए सीच्ल को लेकर दर्शकों के बीच गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बन रही इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरण, अक्षय खन्ना और इशिता दत्त अहम भूमिका में नजर आएंगे। दृश्यम 2015 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन शाद अली ने किया है। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अली और शिवा अनंत ने मिलकर फिल्म के प्रोडक्शन का काम संभाला है। फिल्म में रितेश और जेनेलिया के अलावा महेश मांझरेकर भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसमें जबरदस्त कॉमेडी का तड़का लगाया गया है। फिल्म में प्रेग्नेंसी और डिलीवरी को हास्यपूर्ण तरीके से पेश किया जाएगा। बता दें कि पहले इस फिल्म में रितेश की जगह दिलजीत दोसांझ नजर आने वाले थे। रितेश और जेनेलिया की मुलाकात 2003 में फिल्म तुझे मेरी कसम के सेट पर हुई थी। खास बात यह है कि दोनों ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत भी इसी फिल्म से की थी। इसके एक साल बाद दोनों फिल्म मस्ती में दिखे थे और फिर उन्होंने लंबा ब्रेक लिया था। 2012 में फिल्म तेरे नाल लव हो गया में एक बार फिर दर्शकों को यह जोड़ी देखने को मिली। इसी साल जेनेलिया और रितेश ने शादी भी रचाई थी। रितेश फिल्म प्लान ए प्लान बी में दिखाई देंगे। वह फिल्म ककुड़ा का भी हिस्सा हैं। रितेश ने मराठी फिल्म वेड से निर्देशन में कदम रखा है। खास बात यह है कि जेनेलिया इस फिल्म की हीरोइन हैं। रितेश भी इसमें अभिनय करने वाले हैं।


