अतिक्रमण हटाकर करीब 1.5 एकड़ शासकीय भूमि कराई गई मुक्त, अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये
जबलपुर। पर्यटन नगरी भेड़ाघाट में प्रस्तावित हेलीपैड के निर्माण का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। नगर परिषद की हेलीपैड के लिए प्रस्तावित करीब दो एकड़ भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के बाद राजस्व विभाग और नगर परिषद भेड़ाघाट के संयुक्त दल ने सोमवार को शासकीय भूमि से एक और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
राजस्व विभाग के अनुसार भेड़ाघाट स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 32 के अंश भाग पर अतिक्रमण किया गया था। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह के मुताबिक करीब डेढ़ एकड़ शासकीय भूमि पर अमीन खान द्वारा अतिक्रमण कर डेयरी का संचालन किया जा रहा था।
संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित संरचना और वहां रखी सामग्री को हटाया तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 लाख रुपये बताया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक हेलीपैड के लिए प्रस्तावित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई के बाद निर्माण संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। भेड़ाघाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हेलीपैड की सुविधा विकसित होने से पर्यटकों एवं वीआईपी आवागमन के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद भेड़ाघाट विक्रम झरिया, राजस्व निरीक्षक शिवपाल चौधरी, संबंधित पटवारी सहित राजस्व विभाग और नगर परिषद का अमला मौजूद रहा।


