जबलपुर – अधारताल तहसील के राजस्व अमले द्वारा आज कछपुरा स्थित लगभग साढ़े तीन हजार वर्गफुट शासकीय सीलिंग की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
तहसीलदार अधारताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस भूमि पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता द्वारा अतिक्रमण कर भवन (गणेश मंडपम) का निर्माण किया गया था। उन्हें पूर्व में न्यायालय तहसीलदार अधारताल द्वारा नोटिस जारी कर इस भूमि से स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गये थे। निर्देश की अवहेलना करने पर आज अधारताल तहसील के राजस्व अमले द्वारा अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
तहसीलदार अधारताल के मुताबिक सीलिंग की भूमि पर हुए अतिक्रमण का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा आज जेसीबी मशीन की सहायता से हटा दिया गया है, शेष अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही मंगलवार को भी जारी रहेगी।


