नई दिल्ली ,20 नवंबर(आरएनएस)। गाजियाबाद के कौशांबी में स्थित रेडिसन ब्लू होटल के मालिक अमित जैन दोपहर दिल्ली के सीडब्ल्यूजी विलेज स्थित अपने घर में मृत पाए गए। सूत्रों के मुताबिक जैन पर भारी कर्ज था जिससे पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, दोपहर 12.58 बजे मंडावली पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें कहा गया कि अमित जैन राष्ट्रमंडल खेल गांव में अपने घर पर लटके पाए गए हैं।
अधिकारी ने कहा, पूछताछ करने पर पता चला कि जैन शनिवार सुबह नोएडा स्थित अपने घर से नाश्ता करने के बाद सीडब्ल्यूजी विलेज स्थित अपने फ्लैट पर आए थे, जहां वह हाल ही में अपने परिवार के साथ शिफ्ट हुए थे। जांच से जुड़े अधिकारी ने कहा, पूरा परिवार नोएडा में अपने नए घर में रुका था। सुबह जैन अपने भाई करण को गाजियाबाद स्थित उनके कार्यालय छोडऩे के बाद कार से अकेले राष्ट्रमंडल खेल गांव चले गए।
बाद में जब उनका बेटा आदित्य ड्राइवर के साथ सीडब्ल्यूजी गांव में अपने घर कुछ सामान लेने पहुंचा तो उन्होंने जैन को फांसी पर लटका पाया। परिजन उसे तुरंत पटपडग़ंज के मैक्स अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


