30.5 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

भारत-अमेरिका की वायु सेनाओं का ‘कोप इंडिया अभ्यास’ पूरा, रफाल और सुखोई हुए शामिल

नई दिल्ली, 25 अप्रैल | भारत और अमेरिका की वायु सेनाओं ने अपना संयुक्त अभ्यास ‘कोप इंडिया-2023’ पूरा कर लिया है। खास बात यह है कि इस अभ्यास में भारतीय वायु सेना की तरफ से अत्याधुनिक रफाल, तेजस, सुखोई-30एमकेआई, जगुआर, सी-17 और सी-130 जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों ने हिस्सेदारी की। वहीं अमरीकी वायु सेना बात करें तो इस संयुक्त अभ्यास में अमेरिकी वायुसेना की ओर से की ओर से एफ-15 ‘स्ट्राइक ईगल’ लड़ाकू विमान, सी-130, एमसी-130जे, सी-17 और बी1बी जैसे सामरिक बमवर्षक विमानों ने हिस्सा लिया।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भारत और अमेरिका के बीच यह संयुक्त वायु सेना अभ्यास भारत के कलाईकुंडा, पानागढ़ और आगरा स्थित वायु सेना स्टेशनों में आयोजित किया गया था। लगभग 2 सप्ताह तक चले अभ्यास के बाद सोमवार को इस अभ्यास का आखिरी दिन रहा।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस अभ्यास में जापान की एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के वायु कर्मियों ने भी पर्यवेक्षकों के रूप में भाग लिया। इस संयुक्त अभ्यास ने सभी देशों के प्रतिभागियों द्वारा अपने विचारों को साझा करने और आपसी सहयोग, आदान-प्रदान तथा संयुक्त मिशन के माध्यम से सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को आत्मसात करके सीखने का बहुमूल्य अवसर प्रदान किया।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि अभ्यास के दौरान मित्रता एवं भाईचारे की भावना को सशक्त करने के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभ्यास दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच अंतर-राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने वाली दो वायु सेनाओं के मध्य संबंधों को बेहतर बनाए रखने तथा इसे और मजबूत करने के लिए गहरी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

वायु सेना अभ्यास ‘कोप इंडिया-2023’ का यह छठा संस्करण था। पिछले दो सप्ताहों के दौरान इसे कलाईकुंडा, पानागढ़ और आगरा स्थित वायु सेना स्टेशनों में आयोजित किया गया था। यह भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और अमरीका की वायु सेना (यूएसएएफ) के बीच नियमित एक वायु अभ्यास का हिस्सा है, जिसका समापन 24 अप्रैल को हुआ।

अन्य ख़बरें

‘मनुष्य को सदैव सज्जनों की संगति करनी चाहिए’, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किया सुभाषित

Newsdesk

ब्रिक्स समिट में विश्व कल्याण के ल‍िए मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी: पीएम मोदी

Newsdesk

छायावाद युग की कवयित्री, ‘पद्म विभूषण’ महादेवी वर्मा की पुण्यतिथि पर सीएम योगी सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading