19 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा, 15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जबलपुर। कलानिकेतन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में कथित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जबलपुर महानगर ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
अभाविप महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में लंबे समय से विद्यार्थियों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ रहा है।
अभाविप के प्रांत विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्य सोनकर ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के बाद अभाविप ने महाविद्यालय प्रशासन को 19 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा।
पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष ध्रुव दूबे ने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में आर्यन पुंज, ऐश्वर्य सोनकर, अनमोल सोनकर, अक्षत ताम्रकार, सत्यम पटेल, शिवम् उपाध्याय, सार्थक चौधरी, कृष्ण ग्वालवंश, ध्रुव दूबे, प्रगति शर्मा, सोनाली पांडे, ध्रुव चौधरी, चिराग पांडे, ऋषि सिंह, हिमांशु सिंह, प्रथम पटेल, अनुराग तिवारी, अक्सा खान, फराह खान, स्नेहा वंशकार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


