खिलाड़ियों ने बढ़ाया शहडोल का मान, अंडर-16 स्टेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन
शहडोल 10 सितम्बर 2026- फुटबॉल के क्षेत्र में शहडोल की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। जिले के ग्राम विचारपुर, जिसे फुटबॉल के क्षेत्र में ‘मिनी ब्राजील’ के नाम से जाना जाता है। विचारपुर के खेलो इंडिया स्माल सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 06 प्रतिभावान खिलाड़ियों का राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए चयन हुआ है।
प्रदेश के महू में 31 अगस्त से 4 सितम्बर 2026 तक आयोजित एआईएफएफ इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में शहडोल की अंडर-16 बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। लीग मुकाबले में शहडोल ने ग्वालियर को 10-0 तथा महू की टीम को भी 10-0 से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में इंदौर के विरुद्ध शहडोल को 1-0 से हार का सामना करना पड़ा और टीम उपविजेता रही। टूर्नामेंट में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर शहडोल की आठ खिलाड़ियों का राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए चयन किया गया है।
विचारपुर की 06 खिलाड़ी राष्ट्रीय कैंप में
राष्ट्रीय कैंप के लिए चयनित शहडोल की आठ खिलाड़ियों में ग्राम विचारपुर स्थित खेलो इंडिया स्माल सेंटर की छह खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें राधिनी सिंह, संध्या सहीस, मोनिका सिंह, चांदनी यादव, राधा सिंह एवं वाशु शामिल हैं। वहीं दिव्या संत एवं दिव्या बैगा का भी राष्ट्रीय कैंप के लिए चयन हुआ है।
राधिनी सिंह ने दागे 8 गोल
टूर्नामेंट में शहडोल की खिलाड़ी राधिनी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विशेष पहचान बनाई। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल 8 गोल किए और सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। राधिनी ने पहले मुकाबले में पांच तथा दूसरे मुकाबले में तीन गोल किए। उनका नियमित पोजीशन सेंटर है, लेकिन टीम के गेम प्लान के अनुसार उन्हें फारवर्ड लाइन में खिलाया गया, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ गोल दागे।
राधिनी सिंह विचारपुर स्थित खेलो इंडिया स्माल सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। सेंटर की कोच लक्ष्मी सहीस के अनुसार राधिनी कम उम्र में ही फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। कक्षा दसवीं में अध्ययनरत राधिनी अब तक तीन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। राष्ट्रीय कैंप में चयन के बाद यह उनका चौथा राष्ट्रीय अवसर हो सकता है।
राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का मिलेगा अवसर
इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय कैंप में चयनित खिलाड़ी शामिल हो रही हैं। कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय अंडर-16 बालिका फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जाएगी।
ग्राम विचारपुर से 06 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय कैंप के लिए चयन होना जिले में बालिका फुटबॉल के लिए बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाने के लिए चयनित खिलाड़ियों के पास अपने प्रदर्शन को साबित करने का अवसर है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से शहडोल में बालिका फुटबॉल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है।


