मुरैना, 12 अक्टूबर | मध्य प्रदेश में विधानसभा के उप-चुनाव के मददेनजर वाहनों की आवाजाही पर खास नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मुरैना में भारत निर्वाचन आयोग के व्यय प्रेक्षक ने एक कार से छह किलो ग्राम वजन की चांदी की पायजेब बरामद की है। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकाीर के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक रवीन्द्र कुमार ने सुमावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अल्लाबेली चौकी पर वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान धौलपुर की ओर से आ रही इनोवा कार की चैकिंग की गई। जिसमें 106 जोड़ी पायजेब बैग में रखे हुये मिले। जिसका वजन लगभग छह किलोग्राम था, चांदी की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई।
जांच दल ने वाहन चालक से इस आभूषण के संदर्भ में जानकारी चाही तो उसने बताया कि वह पायजेब मथुरा से ग्वालियर ले जा रहे हैं। चांदी का बिल वह प्रस्तुत नहीं कर पाया और मोके पर एफएसटी टीम ने पंचनामा बनाकर सामग्री जब्त कर कार्रवाई की गई।


