लखनऊ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि आज के समय में न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में भारत को एक बेहतर निवेश स्थल के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “आज पूरी दुनिया भारत से बेहतर रिटर्न की गारंटी मांग रही है।” प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि आमतौर पर चुनाव के समय निवेशक नए निवेश से बचते हैं, लेकिन भारत ने इस धारणा को भी तोड़ दिया है।
उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज हजारों योजनाओं पर काम शुरू हो रहा है। ये जो फैक्ट्रियां, उद्योग लग रहे हैं, ये उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाले हैं।” उन्होंने उत्तर प्रदेश के युवाओं और निवेशकों को विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के 7 साल पूरे हो चुके हैं, जिसमें प्रदेश में एक नया ‘रेड कार्पेट कल्चर’ बन गया है।


