23.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल ने चौथी बार जीता विश्वास मत, 157 सदस्यों का मिला साथ

काठमांडू, 20 मई | नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने सोमवार को संसद में विश्वास मत हासिल कर लिया। दिसंबर 2022 में दोबारा प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद वह चौथी बार विश्वास मत जीते। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दहल ने विपक्षी नेपाली कांग्रेस के विरोध के बीच विश्वास मत हासिल किया। दरअसल, नेपाली कांग्रेस सहकारी समितियों में जमा राशि के गबन में कथित संलिप्तता के लिए उप प्रधानमंत्री और गृह मामलों के मंत्री रबी लामिछाने के खिलाफ एक जांच समिति की मांग कर रही है। निचले सदन के स्पीकर देव राज घिमिरे ने घोषणा की, “विश्वास मत में 158 सांसदों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 157 ने विश्वास मत के लिए मतदान किया, जो सदन में कुल मौजूदा विधायकों का बहुमत है।” 275 सदस्यीय सदन में विश्वास मत जीतने के लिए 138 सांसदों का समर्थन पर्याप्त है। राष्ट्रीय जनता पार्टी नेपाल के पिछले सप्ताह गठबंधन सरकार से बाहर होने के बाद नेपाली संसद में विश्वासमत पर वोटिंग हुई। नवंबर 2022 में नेपाल के आम चुनाव में निचले सदन में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला और दहल ने उसी साल दिसंबर में गठबंधन सरकार के प्रमुख के रूप में तीसरी बार पदभार संभाला और तब से उनके पास अलग-अलग गठबंधन सहयोगी हैं।

अन्य ख़बरें

जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक 30-31 अक्टूबर को अटलांटा में, मार्को रुबियो करेंगे मेजबानी

Newsdesk

अमेरिकी संसद में जुलाई को ‘इंडियन अमेरिकन हेरिटेज मंथ’ घोषित करने का प्रस्ताव, आधे से ज्यादा सांसदों का समर्थन

Newsdesk

इजरायल चुनाव: देश की 120 सदस्यीय संसद के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे 73 लाख मतदाता

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading