जबलपुर। भागीरथी परिवार ने भक्ति संगीत के साथ 56वां आयोजन शरदोत्सव के रूप में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया। कार्यक्रम श्रीमती अलका अजय विश्नोई के निवास पर आयोजित किया गया, जहां भक्तजन श्वेत और लाल परिधानों में सजे-संवरे नजर आए। शरदोत्सव के विशेष अवसर पर डांडिया रास और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन स्थल पर सजे भव्य दरबार, आकर्षक शामियाने और युगल सरकार की मनोहारी प्रतिमा ने सभी का मन मोह लिया। विश्नोई परिवार ने अतिथियों और भक्तजनों के स्वागत-सत्कार में कोई कमी नहीं छोड़ी। स्वादिष्ट प्रसादी के साथ उपयोगी उपहार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा अलका विश्नोई द्वारा लखेरे से मौके पर ही बनवाकर सभी को लाख की चूड़ियां भेंट करना।
भजन, नृत्य, रास और गरबा की प्रस्तुतियों के बीच उत्सव का उल्लास देखते ही बना। विशेष रूप से नन्हीं गोपिकाओं के मनमोहक नृत्य ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। भक्तजन देर तक भक्ति और संगीत के रंग में रंगे रहे।
कार्यक्रम का समापन हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ और आरती के साथ हुआ। भागीरथी परिवार लगातार धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में अगले माह श्रीमती निशी खंडेलिया के संयोजन में बाबा श्याम का प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा।


