37.9 C
Jabalpur
June 16, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

राजनाथ सिंह ने प्रवासी अमेरिकी भारतीयों से की बात, उन्हें दोनों देशों के बीच सेतु बताया

Rajnath Singh interacts with diaspora, calls them 'living bridge' between India-US

वाशिंगटन, 26 अगस्त। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने अमेरिकी दौरे के अंतिम दिन टेनेसी के मेम्फिस में स्थित राष्ट्रीय नागरिक अधिकार संग्रहालय का दौरा किया। यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों के साथ बातचीत की। राजनाथ सिंह ने उन्हें भारत और अमेरिका के बीच एक सेतु बताया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, मेम्फिस में भारतीय समुदाय के साथ अद्भुत बातचीत हुई। समाज, विज्ञान और अर्थव्यवस्था में उनका योगदान अनुकरणीय रहा है। रक्षा मंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मेम्फिस, अटलांटा, नैशविले और अन्य निकटवर्ती क्षेत्रों से आए भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत की और विभिन्न क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों और सद्भावना को बढ़ावा देने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने में भारतीय प्रवासियों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के योगदान की सराहना की। राजनाथ सिंह ने महात्मा गांधी के सम्मान में एक प्रदर्शनी का आयोजन करने और साल 2019 में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के दौरान राष्ट्रीय नागरिक अधिकार संग्रहालय के पास ‘गांधी वे’ सड़क चिन्ह लगाने के लिए समुदाय के प्रयासों की सराहना की। 17वीं शताब्दी से लेकर वर्तमान तक अमेरिका में नागरिक अधिकार आंदोलन के इतिहास को राष्ट्रीय नागरिक अधिकार संग्रहालय में दर्शाया गया है। यहां संग्रहालय उस स्थान पर बनाया गया है, जहां 1968 में डॉ. मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्या की गई थी। संग्रहालय में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा भी है। यह प्रतिमा अहिंसा के साथ उनके संघर्ष के लिए उनकी प्रेरणा को दर्शाता है। अमेरिकी यात्रा के इस अंतिम कार्यक्रम के दौरान, राजनाथ सिंह ने पिछले दशक में भारत की उल्लेखनीय वृद्धि और इसके भविष्य की संभावनाओं पर भी जोर दिया। रक्षा मंत्री के साथ अमेरिका में भारतीय राजदूत, भारतीय नौसेना के महानिदेशक और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के रक्षा प्रौद्योगिकी सलाहकार भी थे। विलियम बी मॉर्गन लार्ज कैविटेशन चैनल (एलसीसी) के अपने दौरे के अलावा, केंद्रीय मंत्री ने बोइंग, जीई, जनरल एटॉमिक, जनरल डायनामिक्स लैंड सिस्टम, एल3 हैरिस, लॉकहीड मार्टिन, रेथियॉन टेक्नोलॉजीज, रोल्स-रॉयस और थेल्स सहित प्रमुख अमेरिकी रक्षा उद्योग कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। राजनाथ सिंह अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर वाशिंगटन की अपनी चार दिवसीय यात्रा पर थे, जिसमें उनके अमेरिकी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन के साथ चर्चा शामिल थी। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना था। रक्षा मंत्री ने अमेरिकी रक्षा उद्योग के साथ एक उच्च स्तरीय राउंड टेबल चर्चा की भी अध्यक्षता की, जिसमें वर्तमान और भविष्य के रक्षा सहयोग पर फोकस किया गया।

अन्य ख़बरें

खबर पांच

Newsdesk

बांके बिहारी मंदिर पैनल की याचिका पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

Newsdesk

प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading