October 31, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

जॉर्डन ने बेरूत के लिए निलंबित की उड़ानें, लेबनान में जारी इजरायली हवाई हमलों की वजह से लिया फैसला

Jordan suspends flights to Beirut after intense Israeli airstrikes

अम्मान, 24 सितंबर। लेबनान में जारी इजरायली एयर स्ट्राइक के बीच जॉर्डन के सिविल एविएशन रेगुलेटरी कमीशन ने अगली सूचना तक बेरूत के लिए एयरलाइनों की फ्लाइट्स को निलंबित कर दिया। यह जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा ने दी। बता दें इजरायली हवाई हमलों की वजह से लेबनान में 356 लोगों की मौत हुई है। देश की फ्लैग कैरियर रॉयल जॉर्डनियन एयरलाइंस ने भी सोमवार को कहा कि वह सिविल एविएशन रेगुलेटरी कमीशन के निर्देशों का पालन करते हुए 48 घंटे के लिए बेरूत के लिए उड़ानें निलंबित कर देगी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने सरकारी पेट्रा समाचार एजेंसी के हवाले से बताया कि इस फैसले का असर बेरूत एयरपोर्ट के लिए सभी नेशनल एयरलाइन फ्लाइंट्स पर पड़ेगा। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को लेबनान में इजरायली हवाई हमलों में 356 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 24 बच्चे और 42 महिलाएं शामिल हैं, तथा 1,246 अन्य घायल हो गए। इजरायली सेना ने दक्षिणी और पूर्वी लेबनान में बड़े पैमाने पर हमले की। हजारों लोगों को बेरूत और माउंट लेबनान की ओर जाने को मजबूर होना पड़ा। इजरायल के सैन्य प्रमुख हर्ज़ी हलेवी ने सोमवार शाम को घोषणा की कि देश अपने सैन्य अभियान के ‘अगले चरणों’ की तैयारी कर रहा है। हलेवी ने बताया कि इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने दक्षिणी और पूर्वी लेबनान में लगभग 1,100 टारगेट को निशाना बनाया। उन्होंने कहा, “हम लक्ष्यों पर हमला कर रहे हैं और अगले चरणों की तैयारी कर रहे हैं।” लेबनान में इजरायल के व्यापक हवाई हमलों ने इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष को चरम पर पहुंचा दिया है। इससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष छिड़ने की आशंका बढ़ गई है। दुश्मनी बढ़ने का कारण पिछले सप्ताह लेबनान में पेजर और वॉकी-टॉकी को निशाना बनाकर किए गए रहस्यमय विस्फोट हैं। इनमें कई लोग मारे गए और हजारों की संख्या में लोग घायल हो गए। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल उत्तर में ‘सुरक्षा संतुलन’ को बदलने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने सोमवार को सुरक्षा आकलन बैठक के दौरान नसरल्लाह को कड़ी चेतावनी भी दी, जिसमें कहा गया कि ‘हर कोई निशाने पर है।’ इजरायल हमले लेबनान में व्यापक विनाश और विस्थापन का कारण बने हैं. टायर, नबातिह और इकलिम अल-तुफा जैसे शहरों से निवासियों को बेरूत और माउंट लेबनान की ओर भागना पड़ रहा है। इजरायली हमलों के जवाब में, हिजबुल्लाह ने पूरे सोमवार को उत्तरी इजरायल की ओर 180 से अधिक रॉकेट दागे। यह जानकारी इजरायल की सेना दी और कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने कुछ रॉकेट्स को रोक दिया, जबकि अन्य इजरायली क्षेत्र में गिरे, जिससे आग लग गई। रेस्क्यू सर्विस के मैगन डेविड एडोम ने बताया कि छर्रे लगने से पांच लोग घायल हो गए।

अन्य ख़बरें

सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही की गवाही, 2 नवंबर को कोर्ट में होना होगा पेश

Newsdesk

दिल्ली में कांग्रेस की रैली से 10 हजार करोड़ के कारोबार पर खतरा: सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल

Newsdesk

दिल्ली में कांग्रेस की रैली से 10 हजार करोड़ के कारोबार पर खतरा: सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल

Newsdesk

Leave a Comment