May 2, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

अंतर-महाद्वीपीय यात्रा लागत में कटौती के लिए केन्या एयरवेज ने अफ्रीकी एयरलाइनों के एकीकरण का किया आग्रह

नैरोबी, 5 अक्टूबर । केन्या एयरवेज ने कहा है कि महाद्वीप पर एयरलाइनों के एकीकरण से अंतर-अफ्रीकी हवाई यात्रा की लागत कम की जा सकती है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, केन्या एयरवेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन किलावुका ने शुक्रवार को केन्या की राजधानी नैरोबी में कहा कि अफ्रीका में यात्रा करना अमेरिका, यूरोप और एशिया के दूसरे क्षेत्रों में समान दूरी के लिए कई ज्यादा महंगा है। यह खर्च दोगुने से भी ज्यादा है। किलावुका ने एविएशन 101 मीडिया लैब के एक सत्र के दौरान कहा, “अफ्रीका में कई छोटी राष्ट्रीय एयरलाइंस हैं, जो बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इसकी वजह से हवाई टिकटों की लागत अधिक है।” एविएशन 101 मीडिया लैब एक सहयोगात्मक मंच है। यह मंच विमानन क्षेत्र की कवरेज की क्वालिटी को बेहतर करने और ज्ञान साझा करने को बढ़ावा देने के लिए विमानन विशेषज्ञों और पत्रकारों को एक साथ लाता है। किलावुका ने कहा कि लाभ कमाने के लिए वाणिज्यिक एयरलाइनों को कम से कम 50 विमानों के बेड़े की आवश्यकता होती है। हालांकि, यह अपने आप में ही कई अफ्रीकी राष्ट्रीय एयरलाइनों के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर अफ्रीकी देश अपनी राष्ट्रीय एयरलाइनों का विलय कर लें तो वे क्षेत्रीय विमानन केंद्र बनाकर संसाधनों को एक साथ ला सकते हैं। इससे परिचालन लागत के दोहराव से बचा जा सकता है। इस बचत का लाभ हवाई जहाज से यात्रा करने वालों को दिया जा सकता है। किलावुका ने यह भी कहा कि एकल अफ्रीकी वायु परिवहन बाजार का धीमा कार्यान्वयन राष्ट्रीय एयरलाइनों के लिए कम सीटों के भरने का कारण बन रहा है। अफ्रीकी वायु परिवहन बाजार अफ्रीका में नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने और महाद्वीप के आर्थिक एकीकरण को गति देने के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य अफ्रीका में एक एकीकृत हवाई परिवहन बाज़ार बनाना है, इसे 2018 में लॉन्च किया गया था।

अन्य ख़बरें

ईरान में भीषण धमाका, रिवोल्यूशनरी गार्ड के 14 जवाम मारे गए, युद्ध में बचे बमों में हुए विस्फोट

Newsdesk

देश में 5.96 लाख पीएनजी कनेक्शन चालू, 6.66 लाख उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन के लिए कराया पंजीकरण: सरकार

Newsdesk

दिल्ली के शाहदरा में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading