18.9 C
Jabalpur
October 26, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

श्रीलंका क्रिकेट ने सनथ जयसूर्या को बनाया पुरुष टीम का हेड कोच

कोलंबो, 7 अक्टूबर। पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या को श्रीलंका पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। श्रीलंका के पूर्व ओपनर रह चुके जयसूर्या के मार्गदर्शन में टीम ने खासकर भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। जयसूर्या की नियुक्ति 1 अक्टूबर 2024 से शुरू हो गई है और वह 31 मार्च 2026 तक इस पद पर रहेंगे। श्रीलंका क्रिकेट के बयान के अनुसार, “श्रीलंका क्रिकेट की कार्यकारी समिति ने यह निर्णय हाल के भारत, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दौरे पर टीम के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए लिया, जहां जयसूर्या अंतरिम मुख्य कोच के रूप में टीम के साथ थे।” मुख्य कोच के रूप में जयसूर्या की पहली जिम्मेदारी वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले सीमित ओवरों के मैच होंगे, जो दांबुला और पल्लेकेले में खेले जाएंगे। जयसूर्या पहले श्रीलंका क्रिकेट के सलाहकार रह चुके हैं। उनको पहली बार जुलाई में अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। पिछले कुछ महीनों में जयसूर्या की देखरेख में, श्रीलंका ने 27 साल बाद भारत के खिलाफ पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती, 10 साल में पहली बार इंग्लैंड को उनकी धरती पर टेस्ट मैच में हराया, और हाल ही में न्यूजीलैंड को घरेलू टेस्ट में 2-0 से हराया। 1991 से 2007 तक जयसूर्या ने 110 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 40.07 की औसत से 6973 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। 445 वनडे मैचों में उन्होंने 13,430 रन बनाए, 32.36 की औसत से 28 शतक और 68 अर्धशतक लगाए। 1996 के विश्व कप में उन्होंने श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। जयसूर्या इसके अलावा एक शानदार गेंदबाज भी थे। बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हुए उन्होंने टेस्ट मैचों में 98 और वनडे मैचों में 323 विकेट लिए हैं। वनडे में वह दुनिया के महानतम ऑलराउंडर में एक हैं। जयसूर्या ने अपने करियर में 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी 30 मैच खेल चुके हैं।

अन्य ख़बरें

राजस्थान और मणिपुर से जुड़े अंतरराज्यीय मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क में दो प्रमुख आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

26 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर मनाएगा विलय दिवस, भारत के साथ ऐतिहासिक जुड़ाव के 80 साल बाद विकास की नई कहानी

Newsdesk

असम सीएम हिमंत सरमा का एआई डांस वीडियो वायरल, 33 लाख से ज्यादा बार देखा गया

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading