September 14, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकराष्ट्रीय

रांची के पास आश्रम में दो लोगों की गोली मारकर हत्या

रांची, 6 मार्च । रांची के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित आनंद शीला आश्रम में घुसकर बंदूकधारियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए लोगों की पहचान राजेंद्र यादव और महेश के रूप में हुई है। बुधवार आधी रात हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। रांची के ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस दोहरे हत्याकांड की जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि चान्हो थाना क्षेत्र के चौड़ा चामा में एक आश्रम है। राजेंद्र यादव और महेश दोनों लंबे समय से इसी आश्रम में रह रहे थे। रात लगभग एक बजे कुछ हथियारबंद लोग आश्रम पहुंचे और राजेंद्र यादव पर फायरिंग करने लगे।

गोलियों की आवाज सुनकर जब महेश आगे बढ़े तो अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी वहां से भाग चुके थे। लोगों ने चान्हो पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन महेश ने पहले ही दम तोड़ दिया था। राजेंद्र यादव की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। गुरुवार सुबह इस वारदात की जानकारी मिलने पर इलाके के कई लोग आश्रम पहुंचे। बताया गया कि राजेंद्र यादव पर अपने भाई की पत्नी और उसकी मासूम बेटी की हत्या का आरोप था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह आश्रम में छिपकर रह रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजे गए हैं।

अन्य ख़बरें

ट्रैक्टर ट्रायल के बहाने वाहन ले गया मिस्त्री, बैटरी-ऑयल और 35 लीटर डीजल गायब; पाटन थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

आवास फाइनेंस कराने के नाम पर 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, विजयनगर थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

WhatsApp पर आया लिंक खोला, शिक्षक के बैंक खाते से 64 हजार रुपये गायब, ग्वारीघाट थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading