32.2 C
Jabalpur
June 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए सुशील के परिजनों के संपर्क में इंदौर प्रशासन

इंदौर, 23 अप्रैल। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों में मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी एलआईसी के अधिकारी सुशील नथानियल भी हैं। सुशील के शव को इंदौर लाया जा रहा है और जिला प्रशासन परिजनों के संपर्क में है। आतंकवादियों ने मंगलवार की दोपहर को पहलगाम में घूमने आए पर्यटकों पर हमला बोला था और इस हमले में कम के कम 25 पर्यटकों की मौत हुई है। इंदौर के बिना नगर निवासी सुशील नथानियल भी इस हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों में शामिल हैं। इस हमले की जानकारी मिलने के बाद से सुशील के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जब सुशील गए थे, तब सभी खुश थे और किसी को भी इस बात की आशंका नहीं थी कि इस तरह का कोई हादसा होगा और उन्हें इस तरह की खबर मिलेगी।

परिजनों ने बताया है कि सुशील अलीराजपुर स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे और वे चार दिन पहले ही अपने परिवार के अन्य सदस्यों, जिसमें बेटा आस्टन, बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर शामिल हैं, के साथ कश्मीर गए थे। बेटी आकांक्षा बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी करती है, उसके भी पैर में चोट आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन सुशील के परिजनों के संपर्क में है। जिलाधिकारी आशीष सिंह ने बताया है कि सुशील के शव को इंदौर लाया जाना है और उनके परिजन भी साथ में आएंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही पीड़ित परिवार के संपर्क में भी जिला प्रशासन है।

जम्मू कश्मीर के अधिकारियों से भी सीधे संपर्क है ताकि सबको लाने और परिजनों को आने में किसी तरह की दिक्कत न हो। सुशील के परिजनों को भी चोट आने की बात सामने आई है और उनका प्राथमिक उपचार भी हुआ है। यह लोग कब इंदौर आएंगे, इसका प्रशासन इंतजार कर रहा है। सुशील के भाई-भाभी सहित परिवार के अन्य सदस्य इंदौर में ही रहते हैं। उन सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे उसके कश्मीर जाने से पहले की तैयारी और चर्चा की बात करते हैं। फिर सभी के गले रुंध जाते हैं। आंखों से आंसू बहने लगते हैं।

अन्य ख़बरें

पेट्रोल-डीजल की थोक खरीद पर सरकार सख्त, 200 लीटर प्रतिदिन की सीमा तय

Newsdesk

संस्कारधानी के चार वरिष्ठ साहित्यकारों को मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के पुरस्कार

Newsdesk

राज्‍य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्‍त प्रेक्षक ने की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading