September 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मिलौनीगंज में सड़क पर भरभराकर गिरे दो बिजली के पोल, मचा हड़कंप

जबलपुर। शहर में जर्जर विद्युत पोल किस कदर जानलेवा साबित हो सकते हैं, इसका उदाहरण शनिवार सुबह मिलौनीगंज क्षेत्र में देखने मिला। मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगे दो विद्युत पोल अचानक भरभराकर गिर पड़े। हादसे के समय एक कर्मचारी पोल पर चढ़कर आर्मर्ड केबल बदलने का काम कर रहा था। पोल गिरते ही बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और जोरदार धमाका होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कर्मचारी और राहगीर इसकी चपेट में आने से बच गए।
जानकारी के अनुसार मिलौनीगंज से सुभाष मार्केट की ओर विद्युत विभाग द्वारा आर्मर्ड केबल बदलने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान कर्मचारी पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि पोल नीचे से कमजोर और जर्जर हालत में था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क की ओर गिर गया। एक पोल सामने स्थित मकान पर जा टिका, जबकि दूसरे के गिरने से आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ।
पोल पर मौजूद था कर्मचारी
हादसे के समय कर्मचारी पोल पर ही मौजूद था। पोल गिरने के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पोल गिरते ही तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ देर के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटनास्थल के पास ही स्कूल भी स्थित है और हादसे के समय बच्चों, अभिभावकों व राहगीरों की आवाजाही जारी थी। यदि पोल किसी राहगीर या बच्चे पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जर्जर पोल पर काम कराने पर सवाल
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पोल कमजोर और जर्जर था तो उस पर कर्मचारी को चढ़ाकर काम क्यों कराया गया। लोगों ने क्षेत्र के सभी पुराने विद्युत पोलों का सर्वे कराकर कमजोर पोलों को तत्काल बदलने तथा मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

अन्य ख़बरें

सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक पीएम मोदी की रक्षा नीति से कांपता है दुश्मन : अमित शाह

Newsdesk

अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार, 60 लीटर कच्ची शराब जब्त

Newsdesk

डॉ. आनंद तिवारी का निधन, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में छोड़ी अमिट छाप

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading