27.5 C
Jabalpur
September 12, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

यूरोप से पहली बार भगोड़े अपराधी का प्रत्यर्पण, पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता



चंडीगढ़, 12 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से भगोड़े अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम का मोल्दोवा गणराज्य से प्रत्यर्पण कराया है। अमृतपाल सिंह को कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग का प्रमुख गुर्गा माना जाता है।


पंजाब पुलिस के अनुसार, अमृतपाल सिंह हत्या, हत्या के प्रयास, यूएपीए, आर्म्स एक्ट और नशीले पदार्थों से जुड़े कई गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस ने बताया कि यह पंजाब पुलिस द्वारा किसी यूरोपीय देश से कराया गया पहला प्रत्यर्पण है, जिसे संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ के तहत अंजाम दी गई। करीब छह महीने तक चले इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लगातार निगरानी की गई। अभियान के दौरान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) पंजाब ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर काम किया।

पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह को भारत लाने में मोल्दोवा और अन्य देशों की एजेंसियों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

उन्होंने इस सफलता के लिए मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों, आईपीसीयू-सीबीआई, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का आभार व्यक्त किया।

डीजीपी ने एजीटीएफ और ओएफटीईसी पंजाब की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगातार मेहनत और समन्वय के चलते यह ऑपरेशन सफल हो सका। उन्होंने दोहराया कि पंजाब पुलिस जहां भी अपराधी छिपे होंगे, उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, इस मामले में होशियारपुर पुलिस भी एजीटीएफ की टीम के साथ दिल्ली पहुंची थी। जानकारी के अनुसार, प्रत्यर्पण के बाद अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को होशियारपुर पुलिस अपने साथ लेकर आ रही है। बताया जा रहा है कि वह एक डबल मर्डर केस में भी वांछित था।

अन्य ख़बरें

मिडिल ईस्ट में शांति-स्थिरता चाहता है चीन, ब्रिक्स देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार

Newsdesk

भारत की अगुवाई में एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी, ब्रिक्स देश संयुक्त बयान जारी करने पर हुए सहमत

Newsdesk

लद्दाख के संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में अधिकारों और दावों के निपटारे की प्रक्रिया दो महीने में पूरी होगी: एलजी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading