October 31, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

मासूम से बेटे को समझने लगी सफेद जिन्न की औलाद, तांत्रिक की बातों में आकर मां ने कर दिया बड़ा कांड

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सैनिक कॉलोनी निवासी एक महिला ने एक तांत्रिक के बहकावे में आकर रविवार रात अपने दो साल के मासूम बेटे को आगरा नहर में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि महिला तांत्रिक के कहने पर अपने बेटे को ‘सफेद जिन्न की औलाद’ समझने लगी थी।

यह घटना रविवार रात बीपीटीपी पुल के पास हुई, जहां स्थानीय लोगों ने महिला को बच्चे को नहर में फेंकते हुए देख लिया। लोगों ने तुरंत महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पकड़े जाने के दौरान महिला बच्चे को नहर में फेंकने की बात से इनकार करती रही।

पुलिस और प्रशासन ने बच्चे की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। दमकल विभाग, राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम आगरा नहर में बच्चे की तलाश कर रही है।

महिला के पति कपिल लुकरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी शादी मेघा लुकरा से करीब 16 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं – 14 साल की बेटी मान्या और करीब दो साल का बेटा तन्मय उर्फ रौनिक। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मेघा काफी समय से मिता भाटिया नामक एक तांत्रिक के संपर्क में थी।

कपिल लुकरा के मुताबिक, तांत्रिक मिता भाटिया उनकी पत्नी को बेटे तन्मय को ‘सफेद जिन्न की औलाद’ बताकर उकसाती थी। तांत्रिक ने मेघा से कहा था कि यह बच्चा उनके पूरे परिवार का विनाश कर देगा। इन बातों से मेघा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी और बेटे को ‘सफेद जिन्न की औलाद’ समझकर तनाव में थी।

रविवार शाम करीब पांच बजे मेघा किसी को बिना बताए बेटे तन्मय को लेकर घर से निकल गई। पति ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब नौ बजे पुलिस ने कपिल को सूचित किया कि मेघा नामक एक महिला को हिरासत में लिया गया है और उस पर बेटे को नहर में फेंकने का आरोप है। यह सुनकर कपिल बदहवास होकर बीपीटीपी थाने पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बीपीटीपी पुल पर एक महिला को गोद में लिए बच्चे को नहर में फेंकने की कोशिश करते देखा। उन्होंने शोर मचाकर महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब तक वे पहुंचते, महिला बच्चे को नहर में फेंक चुकी थी। लोगों ने तुरंत महिला को पकड़ा और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी।

बीपीटीपी थाना के एसएचओ के अनुसार, कपिल लुकरा की शिकायत पर पत्नी मेघा लुकरा और उसे उकसाने वाली तांत्रिक मिता भाटिया के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में ली गई मेघा लुकरा से पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार तांत्रिक मिता भाटिया की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस इस जघन्य घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

अन्य ख़बरें

लोक सेवा गारण्टी में समय सीमा में सेवाएं नहीं देने वाले पंचायत सचिवो ंपर 500 रूपए प्रतिकेश पैनाल्टी लगाने के निर्देश- कलेक्टर

Newsdesk

उपभोक्ता संरक्षण समिति बालाघाट द्वारा जागरूकता अभियान के तहत उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक

Newsdesk

नवीन माध्यमिक शाला भवन कण्डरा का विधायक ने किया लोकार्पण

Newsdesk

Leave a Comment