Damoh News – दमोह जिले के हटा ब्लॉक के मुहरई गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरियाणा निवासी एक युवक ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान विनोद जाट (कंसोरिया) और उसकी तीन बेटियों महक (2 वर्ष), खुशबू (4 वर्ष), और खुशी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद जाट अपनी ससुराल मुहरई गांव आया हुआ था। मंगलवार सुबह उसने अपनी बेटियों को समोसा खिलाने की बात कही और पड़ोसी की बाइक लेकर तीनों बच्चियों को लेकर निकल गया। कुछ घंटों बाद गांव के लोगों ने सूचना दी कि चारों तालाब के पास बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं और तड़प रहे हैं। स्थानीय लोग और परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने तुरंत चारों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि विनोद ने पहले अपनी तीनों बेटियों को ज़हरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद भी ज़हर खा लिया। चारों की हालत बेहद नाजुक थी। बेटी खुशी को दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के कारण का फिलहाल कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है। मृतक की पत्नी जूली अहिरवाल मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के बिडोला गांव की रहने वाली हैं।
पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजन हरियाणा ले जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच जारी है।


