33.9 C
Jabalpur
May 30, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

पंजाब के मोगा से एएसआई की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, पूर्व फौजी और भतीजे की बेरहमी से की पिटाई

मोगा, 09 जून । पंजाब के मोगा जिले के गांव दोधर सरकी से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वर्दीधारी एएसआई द्वारा खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए एक पूर्व फौजी अजेयब सिंह और उसके भतीजे मोहन सिंह को बेरहमी से डंडों से पीटने का मामला सामने आया। यह एएसआई मोगा एसएसपी कार्यालय में तैनात चरणजीत सिंह है, जिसने अपने ससुराल पक्ष के जमीनी विवाद में वर्दी का गलत इस्तेमाल करते हुए कानून को हाथ में लिया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व फौजी अजेयब सिंह और रणजीत सिंह के बीच कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को जब अजेयब सिंह अपनी जमीन से मिट्टी उठवा रहे थे, तब रणजीत सिंह ने विरोध किया, जबकि जमीन के दस्तावेज अजेयब सिंह के नाम पर हैं। उस दिन गांव के सरपंच ने दोनों पक्षों को समझाया था, लेकिन शुक्रवार को मामला फिर बिगड़ गया। जब अजेयब सिंह अपने खेत से घर लौट रहे थे, तब रणजीत सिंह, उसकी पत्नी और उसका दामाद एएसआई चरणजीत सिंह पहले से घात लगाए बैठे थे। तीनों ने मिलकर अजेयब सिंह को रोका और डंडों से जमकर पीटा। शोर सुनकर जब मोहन सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन्हें भी लाठियों से बुरी तरह पीटा गया।

घटना को राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एएसआई चरणजीत सिंह वर्दी में होते हुए सरेआम मारपीट कर रहा है। घायलों को मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। मोहन सिंह ने आरोप लगाया कि शनिवार रात को चरणजीत सिंह अस्पताल तक पहुंच गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने उसका वीडियो बनाना चाहा, तो वह भाग गया।

पूर्व फौजी अजेयब सिंह का कहना है कि मैं अपनी जमीन पर मिट्टी उठवा रहा था, तभी रणजीत सिंह ने विरोध किया। जब मैं खेत से लौट रहा था तो मुझे वर्दी में तैनात एएसआई ने सरेआम लाठियों से पीटा। यह वर्दी का दुरुपयोग है। ऐसे अफसर को नौकरी में रखने का कोई हक नहीं है। उसे तत्काल बर्खास्त किया जाए।

इस मामले में थाना बधनी कलां में शिकायत दर्ज की गई है। जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह का कहना है कि हमें गांव दोधर सरकी निवासी अजेयब सिंह और उनके भतीजे मोहन सिंह से जुड़ी मारपीट की शिकायत मिली है। दोनों फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी।

अन्य ख़बरें

भारत-वियतनाम के बीच डिजिटल पेमेंट सहयोग मजबूत करने के लिए आरबीआई और स्टेट बैंक ऑफ वियतनाम ने किया समझौता

Newsdesk

मध्य प्रदेश : उमरिया में सड़क हादसे में 4 की मौत, 41 घायल

Newsdesk

जबलपुर में निर्माण कार्य के दौरान मिला 12 किलो का जिंदा बम, जांच जारी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading