18.9 C
Jabalpur
October 26, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पुरी रथयात्रा भगदड़ : दो अधिकारी निलंबित, डीएम-एसपी का तबादला, 25 लाख की मदद की घोषणा

पुरी,30 जून । ओडिशा के पुरी में गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना पर माझी सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। डीसीपी बिष्णु पति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को ड्यूटी में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है। 

वहीं, पुरी के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का भी तबादला कर दिया गया है। चंचल राणा को नया जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, पिनाक मिश्रा को नए एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा, ओडिशा सरकार ने जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी रविवार को सीएम मोहन चरण माझी के कार्यालय ने दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सीएम मोहन माझी के हवाले से बताया, ”इस घटना से अत्यंत दुखी और व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से इस घटना के लिए राज्य सरकार की ओर से खेद व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना की पूरी प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। विकास आयुक्त की देखरेख में विस्तृत प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं।”

सीएमओ ने आगे बताया, ”पुरी के जिला मजिस्ट्रेट और एसपी का भी तबादला कर दिया गया है। चंचल राणा को नया जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जबकि पिनाक मिश्रा को नए एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही डीसीपी बिष्णु पति और कमांडेंट अजय पाढ़ी को ड्यूटी में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाप्रभु की रथ यात्रा हमारे ओड़िया राज्य का गौरव है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

इससे पहले भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़ पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दुख जताया। उन्होंने भगदड़ को लेकर माफी मांगी और कहा कि भगदड़ के कारण हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं सभी जगन्नाथ भक्तों से दिल से माफी मांगता हूं।

बता दें कि पुरी में रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई दुखद भगदड़ में करीब तीन लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। इस हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है, उनमें दो महिलाएं, प्रभाती दास और बसंती साहू, शामिल हैं। इसके अलावा, 70 वर्षीय प्रेमकांत मोहंती की भी भगदड़ में जान गई है। तीनों खुरदा जिले के रहने वाले थे और रथ यात्रा के लिए पुरी आए थे।

अन्य ख़बरें

अयोध्या में रामलला के दर्शन के समय में बड़ा बदलाव, एक नवंबर से सुबह चार बजे खुलेंगे मंदिर के कपाट

Newsdesk

महाकौशल दौरे पर 28 को आ रहे प्रवीण तोगड़िया, तैयारी तेज

Newsdesk

बाउंड्रीवाल के लिए काट दिए एक दर्जन हरे-भरे पेड़, एनओसी लेने पर भी सवाल

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading