22.8 C
Jabalpur
September 12, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

सीबीआई ने नारकोटिक्स विभाग के इंस्पेक्टर को रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार किया, सहयोगी भी पकड़ा गया

चित्तौड़गढ़, 19 जुलाई। नारकोटिक्स विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जयपुर इकाई ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के नीमच में पदस्थ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीआई) के इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह और उसके एक सहयोगी जगदीश मेनारिया को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी निवासी मांगीलाल गुर्जर की शिकायत के आधार पर की गई। इसने पूरे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिकायत के अनुसार, नारकोटिक्स इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने 27 मार्च को मांगीलाल के घर छापा मारकर करीब 400 किलो डोडा चूरा जब्त किया था। इस कार्रवाई के बाद, इंस्पेक्टर ने परिवार को धमकाते हुए एक करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी और कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो पूरे परिवार को मामले में फंसा दिया जाएगा। बाद में सौदा 53 लाख रुपए में तय हुआ। पीड़ित तीन किस्तों में कुल 44 लाख रुपए पहले ही दे चुका था। यह राशि डूंगला के आला खेड़ी निवासी जगदीश मेनारिया के माध्यम से पहुंचाई गई थी। बावजूद इसके, उन्होंने और 9 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। मानसिक रूप से प्रताड़ित मांगीलाल ने आखिरकार 15 जुलाई को सीबीआई जयपुर कार्यालय में लिखित शिकायत दी।

सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन करवाया, जो पूरी तरह सही पाई गई। इसके बाद योजना बनाकर गुरुवार रात पीड़ित को दलाल को तीन लाख रुपए देने के बहाने सांवलियाजी के पास एक होटल में बुलवाया गया। जैसे ही दलाल रुपए लेने पहुंचा, सीबीआई की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जब पूरा मामला स्पष्ट हो गया, तो सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जयपुर, सीकर और नीमच में अवैध कमाई से संपत्तियां खरीदी हैं। विभागीय शक्तियों का दुरुपयोग कर लोगों को फंसाने, डराने और मोटी रकम वसूलने का यह गंभीर मामला अब पूरे नारकोटिक्स विभाग की छवि को धूमिल कर रहा है। फिलहाल सीबीआई इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां संभव मानी जा रही हैं।

अन्य ख़बरें

विमेंस एशिया कप: पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, खिताबी मुकाबले में भारत से भिड़ंत

Newsdesk

धान में कीट प्रकोप बढ़ा, जैविक कीटनाशकों से करें फसल की सुरक्षा

Newsdesk

खुशियों की दास्ता

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading