23 C
Jabalpur
September 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

एल्गिन अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न

जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) की रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति की राशि से सामग्री की खरीदी में पारदर्शिता बरतने तथा शासन के अधिकृत उपक्रमों के माध्यम से ही सामग्री की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में श्री सिंह ने रोगी कल्याण समिति की एक अप्रैल से अभी तक के आय-व्यय का ब्यौरा लिया तथा प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की।

रानी दुर्गावती चिकित्सालय के मीटिंग हॉल में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर रवि शंकर राय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल के कराये गये मेडिकल सेफ्टी ऑडिट तथा फायर सेफ्टी ऑडिट पर भी विस्तार से बैठक में चर्चा की। उन्होंने अस्पताल की पेयजल आपूर्ति की समस्या के स्थायी समाधान के लिये नगर निगम की जल आपूर्ति लाईन को अस्पताल परिसर तक पहुंचाने और अस्‍पताल की जलापूर्ति लाइन से जोड़ने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अस्पताल में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किये जा रहे उपायों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जनरेटर की स्थापना के लिए चिन्हित स्थान पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में रानी दुर्गावती चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब के विस्तार, नये चिकित्सा उपकरणों एवं अत्याधुनिक जांच मशीनों के संचालन के लिए बिजली आपूर्ति की अलग लाइन बिछाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। उन्‍होंने इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी बैठक में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।

श्री सिंह ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के कार्य में आ रही कठिनाईयों पर चर्चा करते हुए कहा कि यदि एजेंसी यह कार्य ठीक से नहीं कर पा रही है तो अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का काम नगर निगम को सौंपा जाए। श्री सिंह ने अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर की कमी दूर करने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी बैठक में दिए।

अन्य ख़बरें

भाजपा नेताओं ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के गिनाए फायदे, विपक्ष को भी दिया जवाब

Newsdesk

पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने व्यापार असंतुलन, सप्लाई चेन और बाजार पहुंच पर की चर्चा

Newsdesk

हरियाली के रंग में रंगा  हाईकोर्ट बार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading