September 17, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, नोएडा साइबर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नोएडा, 30 जुलाई। नोएडा की साइबर क्राइम पुलिस ने इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय नितेश कुमार प्रसाद के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद का निवासी है। उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने 22 जुलाई को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक साइबर अपराधी ने खुद को “एबॉट वेल्थ कोलकाता (भारत)” कंपनी का कर्मचारी बताकर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के ज़रिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर 2 करोड़ 89 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और गिरोह के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में नितेश ने स्वीकार किया कि उसने अन्य साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने की अनुमति 2 प्रतिशत कमीशन के लालच में दी थी। जांच में सामने आया कि उसके कोटक महिंद्रा बैंक खाते में इस ठगी से संबंधित 6 लाख रुपये और अन्य मामलों से जुड़े 30 लाख 77 हजार रुपये जमा किए गए थे।

पुलिस ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना साइबर क्राइम ने पीड़ित के 26 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं और रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एनसीआरपी पोर्टल की जांच में पता चला है कि आरोपी के खातों से जुड़े मामलों में कर्नाटक और ओडिशा में भी शिकायतें दर्ज हैं, जिनके संबंध में संबंधित राज्यों से समन्वय कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

साइबर सेल अधिकारियों ने आम लोगों को आगाह करते हुए सुरक्षा संबंधी सुझाव जारी किए हैं। इनमें कहा गया है कि निवेश संबंधी किसी भी ईमेल या लिंक को बिना जांचे न खोलें, निवेश से पहले सेबी की आधिकारिक वेबसाइट से जानकारी प्राप्त करें और टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप पर दी जा रही लालच भरी बातों पर भरोसा न करें।

निवेश हमेशा अधिकृत बैंक या विश्वसनीय डीमैट सेवा प्रदाताओं के माध्यम से करें और किसी अनजान व्यक्ति के बैंक खाते में सीधे पैसा जमा न करें। किसी संदिग्ध लिंक से कोई एप्लिकेशन डाउनलोड न करें। यदि आपके साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

अन्य ख़बरें

यूएन में भारत बोला- भारतीयों और अफगानों के बीच संबंध आधुनिक नक्शों और सीमाओं से भी पुराने

Newsdesk

निगमायुक्त ने सिविल लाइन, घंटाघर और मालगोदाम चौक का किया औचक निरीक्षण

Newsdesk

हाईकोर्ट बार में गणेश उत्सव पर महाआरती

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading