सराफा बाजार में मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
जबलपुर। शहर के व्यस्त सराफा बाजार, नुनहाई स्थित सिद्ध गणेश मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर की दानपेटी से रुपये चुराकर फरार हो गए। घटना के बाद मंदिर के ऊपरी गेट का ताला भी टूटा मिला। सराफा बाजार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में मंदिर में बार-बार हो रही चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में नाराजगी है। नागरिकों ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मंदिर से जुड़े नरेश कुमार तिवारी और पंडित सिद्धांत दुबे का आरोप है कि पिछले एक साल में सिद्ध गणेश मंदिर में करीब चार बार चोरी हो चुकी है। कई बार मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास भी किया गया, लेकिन शिकायतें देने के बावजूद अब तक चोरों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है।नक्शे देखें
सराफा बाजार में बार-बार चोरी, सुरक्षा पर सवाल
सराफा बाजार जबलपुर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर व्यापारियों और ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे इलाके में स्थित मंदिर में लगातार चोरी की घटनाएं होना स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय है। क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है।
कोतवाली पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने, चोरी की घटनाओं की जांच करने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर बार-बार चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


