18.1 C
Jabalpur
October 23, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

वोट चोरी के आरोप पर सियासी संग्राम : कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, भाजपा का पलटवार

नई दिल्ली, 8 अगस्त। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे पर आयोग को कठघरे में खड़ा किया, वहीं भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार किया।

राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “राहुल गांधी ने सबूत इकट्ठा करने और कड़ी मेहनत के बाद देश के सामने तथ्य पेश किए। बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा वोटों में अनियमितताएं हैं। स्थिति यह है कि वहां कुछ लोगों के पते के बारे में भी जानकारी नहीं है। पिता के नाम गायब हैं और अन्य गंभीर समस्याएं भी मिली हैं। यह एक गंभीर मामला है, जो दर्शाता है कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। यह बार-बार कहा गया है और अब यह उजागर हो गया है कि निश्चित रूप से कुछ गड़बड़ है।”

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, “यह कोई मजाक नहीं है और चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। यह एक महत्वपूर्ण मामला है और जैसा कि राहुल गांधी ने कल स्पष्ट रूप से कहा है कि यह लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है। मेरा मानना है कि इस दिशा में कदम उठाए जा चुके हैं, लेकिन हम लोकतंत्र को बचाने के लिए सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह लड़ते रहेंगे।”

कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “जब तक यह मुद्दा हल नहीं हो जाता, हम विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे क्योंकि यह एक मौलिक अधिकार है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक भारतीय के पास मतदाता पहचान पत्र होना चाहिए। वे किसे वोट देते हैं, यह उनकी अपनी पसंद है और किसी को भी यह अधिकार छीनने का अधिकार नहीं है। चुनाव आयोग को भी नहीं। ये लोग चाहते हैं कि उनके अधिकार छीन लिए जाएं।”

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा, “बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी को संभव बनाने के लिए ही एसआईआर किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह कदम राहुल गांधी के विस्तृत सबूतों का जवाब है। अब यह स्पष्ट है कि ऐसी अनियमितताएं संभवतः पूरे देश में हुई हैं।”

राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा सांसद जगदीश शेट्टार ने पलटवार किया। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अनावश्यक रूप से समस्या खड़ी कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी पर अस्पष्ट आरोप लगा रहे हैं। यह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कल बैठक में कागजों का बंडल दिखाया। उन्होंने चुनाव आयोग के सामने इसे क्यों नहीं पेश किया? उन्होंने अदालत में इसे चुनौती क्यों नहीं दी?”

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, “आज यह तय करना मुश्किल है कि कौन मतदाता किसे वोट देगा। अगर वैध मतदाता जो सूची से हटना नहीं चाहते, उनका नाम सूची से हट जाए, तो यह एक बड़ी चुनौती है। राहुल गांधी को उन मतदाताओं के नाम (जिनके नाम हटाए जाने का दावा वे कर रहे हैं) सबूत के साथ चुनाव आयोग को दिखाने चाहिए। अभी तक किसी भी मतदाता का नाम जोड़ा या हटाया गया हो, इसका कोई सबूत नहीं मिला है। यह एक गंभीर सवाल है, और चुनाव आयोग सही ही जवाब मांग रहा है।”

अन्य ख़बरें

NHRC seeks report from MP govt over use of children in former CM Digvijaya Singh’s yatra

Newsdesk

नेतन्याहू ने पीएम मोदी से की फोन पर बात, स्वतंत्रता दिवस पर कैप्टन स्मित मच्छार के साथ मशाल जलाने का दिया न्योता

Newsdesk

भारत-अमेरिका ट्रेड डील निर्णायक मोड़ पर पहुंची, ट्रंप बोले- पहले के समझौतों से बिल्कुल अलग होगी डील

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading