October 31, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

सचिन तेंदुलकर परिवार संग पहुंचे राज ठाकरे के आवास ‘शिवतीर्थ’, की गणपति पूजा

मुंबई, 28 अगस्त। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर गुरुवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के मुंबई स्थित आवास पर गणेशोत्सव में शामिल हुए। सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर और बेटे अर्जुन तेंदुलकर के साथ राज ठाकरे के आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंचे थे।

पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने राज ठाकरे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। सचिन तेंदुलकर और उनके बेटे अर्जुन नेवी ब्लू डिजाइनर कुर्ते पहने नजर आए, जबकि उनकी पत्नी अंजलि ने लाल साड़ी पहनी थी। गणपति दर्शन के बाद तेंदुलकर परिवार ने ‘शिवतीर्थ’ में गणपति की मूर्ति के सामने राज ठाकरे और उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे के साथ फोटो खिंचवाई।

राज ठाकरे के घर ‘शिवतीर्थ’ में डेढ़ दिन का गणपति स्थापित किया गया है, जहां राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई हस्तियां दर्शन करने पहुंची हैं। सचिन तेंदुलकर से पहले बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान गणपति दर्शन के लिए राज ठाकरे के आवास पर गए। इससे पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे के आवास पर गणपति की पूजा की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मुंबई में मनसे प्रमुख राज ठाकरे के आवास पर जाकर भगवान गणेश के दर्शन किए, आशीर्वाद लिया और सभी की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।” 20 साल के बाद शिवसेना-यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी अपने परिवार के साथ चचेरे भाई राज ठाकरे के आवास पर गए थे और पूजा अर्चना की थी।

गणपति उत्सव के मौके पर राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को फोन किया और अपने घर आने का निमंत्रण दिया था। इसे स्वीकार करते हुए उद्धव ठाकरे बुधवार को परिवार के साथ राज ठाकरे के आवास पर गए। पिछले तीन महीनों में ठाकरे बंधुओं के लिए यह तीसरा मौका था, जब वे एक साथ दिखे। 5 जुलाई को दोनों भाई विजय रैली के लिए एक साथ आए थे। दूसरी बार मुलाकात उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर हुई थी। 27 जुलाई को राज ठाकरे उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर उनके आवास ‘मातोश्री’ गए थे।

अन्य ख़बरें

लोक सेवा गारण्टी में समय सीमा में सेवाएं नहीं देने वाले पंचायत सचिवो ंपर 500 रूपए प्रतिकेश पैनाल्टी लगाने के निर्देश- कलेक्टर

Newsdesk

उपभोक्ता संरक्षण समिति बालाघाट द्वारा जागरूकता अभियान के तहत उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक

Newsdesk

नवीन माध्यमिक शाला भवन कण्डरा का विधायक ने किया लोकार्पण

Newsdesk

Leave a Comment