June 23, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

शोभापुर नकबजनी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार13 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद

जबलपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच एवं रांझी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रांझी अंतर्गत शोभापुर ग्रीन कॉलोनी में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं।

एसपी के निर्देश पर विशेष अभियान

सम्पत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। आदेश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
ऐसे हुआ था वारदात का खुलासा
थाना रांझी में दिनांक 10 जनवरी 2026 को मार्टिन खाखा (72), निवासी प्लॉट नं. 12, शोभापुर ग्रीन कॉलोनी, रांझी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पैतृक गांव जसपुर (छत्तीसगढ़) गया हुआ था। 3 जनवरी 2026 को घर में ताला लगाकर सभी बाहर चले गए थे। 8 जनवरी को वापस लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सफलता

जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर की सूचना पर दबिश दी गई और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया:
सुरेश चौधरी उर्फ सुर्रू (35 वर्ष), निवासी बाबा टोला ठक्कर ग्राम, थाना हनुमानताल जय चौधरी (25 वर्ष), निवासी सिंधी कैंप बड़ी मदार टेकरी, पूछताछ में दोनों ने 6 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात घर की बाउंड्री कूदकर पीछे से ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के बाद जेवर आपस में बांट लिए थे।

13 लाख के जेवर जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 तोला वजनी सोने के जेवर (चूड़ियां, नेकलेस, अंगूठियां, कंगन, टॉप्स, चैन, मंगलसूत्र, क्रॉस) तथा लगभग आधा किलो चांदी (पायल, बिछिया, कटोरी) बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर प्रवृत्ति के हैं। सुरेश चौधरी के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, नकबजनी, जुआ एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित 16 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि जय चौधरी के विरुद्ध भी 4 अपराध पंजीबद्ध हैं।

टीम की सराहनीय भूमिका

नकबजनी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं जेवर बरामदगी में थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मनीष जाटव, एएसआई लवकुश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक पुरूषोत्तम, चन्द्रभान, आरक्षक मनीष, अभिषेक मिश्रा तथा क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह परिहार, एएसआई कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सत्यसेन, वीरेन्द्र सिंह एवं सतेन्द्र बिसेन की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अन्य ख़बरें

भूमि खरीद विवाद पर घिरे मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव, कांग्रेस बोली-निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री दें इस्तीफा

Newsdesk

विधान परिषद चुनाव में क्रॉस-वोटिंग पर भाजपा सख्त, दोषियों पर होगी कार्रवाई: आर अशोक

Newsdesk

महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी, सरकार ने दी समिति गठन को मंजूरी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading