जबलपुर। होली, रमजान, ईद, नवरात्र, रामनवमी और महावीर जयंती सहित आगामी सभी प्रमुख त्योहारों को शहर में सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा। इसके लिए शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी को भी और प्रभावी बनाने की तैयारी है।
होली पर केमिकल रंगों और डीजे पर सख्ती की मांग
शांति समिति के सदस्यों ने विशेष रूप से होली के दौरान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक केमिकलयुक्त रंगों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। पीली मिट्टी से होली खेलने पर भी रोक लगाने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही फूहड़ और आपत्तिजनक प्रतिमाओं की स्थापना पर रोक तथा तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात रखी गई, ताकि सामाजिक समरसता बनी रहे और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
रमजान और मीना बाजार को लेकर विशेष इंतजाम
रमजान के दौरान लगने वाले मीना बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। महिला श्रद्धालुओं और खरीदारों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की तैनाती का सुझाव दिया गया। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर भी चर्चा
शांति समिति के सदस्यों ने त्योहारों के समय सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग रखी। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड सहित शांति समिति के सदस्य कौशल्या गोटिया, मुकेश राठौर, प्यारे साहब, साबिर उस्मानी, हाजी मकबूल रजवी, शरण चौधरी, मो. ताहिर खान, मो. अकबर खान और शाबान मंसूरी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने संयुक्त रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी शांति और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
जीआरपी-आरपीएफ को अलर्ट रहने के निर्देश
होली के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बीच बेहतर समन्वय के लिए रेलवे पुलिस कार्यालय में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेनों में चढ़ने-उतरने के दौरान होने वाली धक्का-मुक्की, जेबतराशी, महिला यात्रियों से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त बल की तैनाती और रात के समय गश्त बढ़ाने के निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेल सुरक्षा बल राजीव कुमार यादव, मुख्य सुरक्षा आयुक्त रजनीश कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मुन्नवर खान तथा पुलिस अधीक्षक (रेलवे) श्रीमती सिमाला प्रसाद उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने कहा कि टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक भीड़ से बचें, संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सुरक्षा कर्मियों को सूचित करें और यात्रा के दौरान सतर्क रहें, ताकि सभी त्योहार सुरक्षित और आनंदपूर्ण वातावरण में मनाए जा सकें।


