सिवनी/खांडसा- सिवनी जिले के कुरई वन सामान्य परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खांडसा के उतरिया वन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। उतरिया नदी से रेत भरते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक MP 50 AA 0480 को चालक पवन पिता धूप सिंह (उम्र लगभग 41 वर्ष), निवासी नयेगांव चला रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उतरिया नदी से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। गुरुवार को जब चालक ट्रॉली में रेत भर रहा था, तभी सतर्क ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और वाहन सहित ग्राम पंचायत कार्यालय में खड़ा कर दिया।
ग्रामीणों ने पंचनामा कार्रवाई कर संबंधित विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब चार घंटे तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में डिप्टी रेंजर एवं वनरक्षक स्थल पर पहुंचे। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्राम पंचायत सरपंच एवं पंचगणों का कहना है कि विभाग की कथित मौन स्वीकृति के चलते क्षेत्र में अवैध रेत का कारोबार बेखौफ संचालित हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर अंकुश लगाया जा सके।
क्या बोले अधिकारी
*वन सामान्य परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ 344, उतरिया नदी से रेत भरते वाहन को पकड़कर राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।*
— _अशोक कुमार इक्का, डिप्टी रेंजर_
इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन के खिलाफ प्रशासनिक सक्रियता और निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की निगरानी से जहां एक ओर अवैध उत्खनन का मामला उजागर हुआ, वहीं विभाग की देरी से पहुंची टीम ने जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


